SP-Congress Tussle: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर पेच फंसता नजर आ रहा है। दोनों दलों के नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस जहां करीब 100 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है, वहीं सपा की ओर से उसे केवल 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, दोनों दलों के बीच बातचीत का दौर जारी है। दिलचस्प बात यह है कि सीटों को लेकर दोनों पार्टियों के बीच इस तरह की तनातनी पहली बार नहीं हुई है। 2017 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान भी दोनों दलों के बीच इसी तरह खींचतान देखने को मिली थी।
SP-Congress Tussle: 26 सीटों के ऑफर पर कांग्रेस में नाराजगी
मंगलवार को कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी के दिल्ली स्थित आवास पर सपा और कांग्रेस नेताओं के बीच करीब चार घंटे तक बैठक हुई। इससे पहले वरिष्ठ सपा नेता रामगोपाल यादव ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने की बात की पुष्टि की थी। इस प्रस्ताव से कांग्रेस के नेता नाराज नजर आए। बैठक के दौरान कांग्रेस ने अपनी 130 उम्मीदवारों वाली सूची में से 20 नाम हटाकर 110 उम्मीदवारों की नई सूची सपा नेताओं को सौंप दी। हालांकि, देर शाम सपा ने पांच उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी, जिसमें सहारनपुर की दो सीटें भी शामिल थीं। इसके बाद दोनों दलों के नेताओं के बीच बयानबाजी शुरू हो गई।
SP-Congress Tussle: इमरान मसूद के बयान से बढ़ा विवाद
सहारनपुर की दो सीटों पर सपा की ओर से उम्मीदवार उतारे जाने के बाद कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, “हम कोई भिखमंगे हैं, हमें कोई भीख नहीं चाहिए।” कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र गौतम ने इमरान मसूद के गुस्से को जायज बताया। इसके बाद सपा नेताओं की ओर से भी प्रतिक्रियाएं आने लगीं और गठबंधन में बातचीत अटकने की आशंका बढ़ गई। दरअसल, सहारनपुर की दोनों सीटों पर सपा ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं। पार्टी का कहना है कि ये उसकी जीती हुई सीटें हैं। गठबंधन की राजनीति में आमतौर पर मौजूदा विधायक या पार्टी की जीती हुई सीटों पर उसी दल का दावा मजबूत माना जाता है।
इमरान मसूद का बेहट सीट से पुराना नाता
सहारनपुर की बेहट सीट से इमरान मसूद का पुराना राजनीतिक रिश्ता रहा है। वह 2007 में मुजफ्फराबाद सीट से निर्दलीय विधायक चुने गए थे। इसी सीट का नाम अब बेहट है। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर कई चुनाव लड़े, लेकिन सफलता नहीं मिली। 2022 में वह समाजवादी पार्टी में शामिल हुए, लेकिन कुछ ही महीनों बाद पार्टी छोड़कर बसपा में चले गए। उस समय उन्होंने कहा था कि मुसलमानों के हितों की रक्षा बसपा में ही हो सकती है। हालांकि, 2023 में वह फिर कांग्रेस में लौट आए और 2024 के लोकसभा चुनाव में सहारनपुर से सांसद बने।
कांग्रेस ने 110 सीटों की सूची सौंपी, 100 सीटों पर नजर
बढ़ती बयानबाजी के बीच कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र गौतम ने नेताओं से एक-दूसरे के खिलाफ बयान देने से बचने की अपील की है। इसे गठबंधन में बढ़ते तनाव को कम करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। फिलहाल नेताओं की व्यस्तता के कारण दोनों दलों के बीच अगले दो दिनों तक बातचीत नहीं होने की बात सामने आई है। कांग्रेस अब अपनी 110 उम्मीदवारों वाली सूची पर चर्चा करके करीब 100 सीटें हासिल करने की कोशिश करेगी।
2017 विधानसभा चुनाव में भी हुई थी ऐसी ही खींचतान
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान भी सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच काफी खींचतान हुई थी। उस समय अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे। कांग्रेस का दावा है कि अखिलेश यादव उसे 75 से 80 से ज्यादा सीटें देने के पक्ष में नहीं थे, जबकि कांग्रेस कम से कम 125 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती थी। हालांकि, लंबी बातचीत और तनातनी के बाद दोनों दलों के बीच 105 सीटों पर सहमति बनी थी। इस बार कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन को आधार बनाकर सीटों का बंटवारा चाहती है। लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने 62, कांग्रेस ने 17 और तृणमूल कांग्रेस ने एक सीट पर चुनाव लड़ा था। कांग्रेस का तर्क है कि उसकी 17 लोकसभा सीटों के अंतर्गत करीब 85 विधानसभा सीटें आती हैं। ऐसे में पार्टी विधानसभा चुनाव में 100 सीटों का आंकड़ा छूना चाहती है।
लोकसभा चुनाव में भी उम्मीदवारों की घोषणा से बढ़ा था विवाद
2024 के लोकसभा चुनाव से पहले सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत के दौरान भी दोनों दलों के बीच तनाव देखने को मिला था। उस समय कांग्रेस के पास केवल एक सांसद और दो विधायक थे, इसके बावजूद गठबंधन में उसे 17 लोकसभा सीटें मिली थीं। बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने वाराणसी से सपा उम्मीदवार के तौर पर पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह पटेल के नाम की घोषणा कर दी थी। इसके अलावा प्रयागराज और लखनऊ सीटों पर भी सपा ने उम्मीदवार घोषित कर दिए थे। हालांकि, बाद में वाराणसी और प्रयागराज सीटों पर कांग्रेस ने चुनाव लड़ा, जबकि लखनऊ सीट सपा के खाते में गई। उस समय कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने एनडीटीवी से बातचीत में कहा था कि तब भी बातचीत के जरिए मामला सुलझा लिया गया था और इस बार भी बातचीत से ही समाधान निकलेगा।
राहुल, प्रियंका और अखिलेश की बातचीत पर टिकी निगाहें
अविनाश पांडे ने कहा कि अगर इंडिया गठबंधन चुनाव जीतता है तो मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ही बनेंगे। ऐसे में उन्हें धैर्य, बड़प्पन और सम्मान दिखाना चाहिए। वहीं, कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव के बीच बातचीत होने पर सीटों के बंटवारे का अंतिम फैसला हो सकता है। इसी बातचीत में रायबरेली और अमेठी की सीटों पर भी स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर जारी खींचतान ने गठबंधन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अब देखना होगा कि शीर्ष नेतृत्व बातचीत के जरिए इस विवाद को सुलझा पाता है या नहीं।
यह भी पढ़े- अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शाही शादी में उमड़ा हुजूम, 2.5 करोड़ की Defender से पहुंची बारात








