Mumbai TTE: अगर आप भी कभी ट्रेन में बिना टिकट यात्रा करने की सोचते हैं तो यह खबर आपके लिए चेतावनी हो सकती है। मुंबई में एक टीटीई ने बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जिसकी पूरे रेलवे में चर्चा हो रही है। मध्य रेलवे के मुंबई मंडल में तैनात मोहम्मद शम्स ऐसे पहले टीटीई बन गए हैं जिन्होंने एक ही वित्तीय वर्ष में यात्रियों से 1 करोड़ रुपये से ज्यादा का जुर्माना वसूला है।
11 हजार से ज्यादा यात्रियों पर लगाया जुर्माना
रेलवे अधिकारियों के अनुसार 1 अप्रैल 2025 से 14 मार्च 2026 के बीच टिकट जांच के दौरान सीटीआई मोहम्मद शम्स ने 11,483 यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा।
इन यात्रियों से कुल मिलाकर 1.03 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया। यह उपलब्धि मुंबई मंडल के लिए एक बड़ा रिकॉर्ड मानी जा रही है।
Mumbai TTE: सोशल मीडिया पर दी गई जानकारी
मुंबई मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) ने इस उपलब्धि की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर साझा की।पोस्ट में बताया गया कि सेंट्रल रेलवे के मुंबई डिवीजन को वित्तीय वर्ष 2025-26 में पहला ऐसा टीटीई मिला है जिसने बिना टिकट यात्रियों से 1 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूलने का रिकॉर्ड बनाया है।
Mumbai TTE: पहले भी चर्चा में रहा है सेंट्रल रेलवे
इससे पहले भी सेंट्रल रेलवे बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को लेकर चर्चा में रहा है।अक्टूबर 2025 में सामने आए आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल से अगस्त 2025 के बीच रेलवे ने 17.19 लाख यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करते पकड़ा था। इन यात्रियों से कुल 100.50 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया था।
अगस्त में जुर्माने की राशि में बड़ा इजाफा
रेलवे के आंकड़ों के अनुसार अगस्त 2025 में जुर्माने की रकम साल-दर-साल आधार पर 55 प्रतिशत बढ़कर 13.78 करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी।इसी अवधि में करीब 2.76 लाख लोग बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़े गए थे।
Mumbai TTE: मुंबई और भुसावल डिवीजन का बड़ा योगदान
कुल वसूले गए जुर्माने में अलग-अलग डिवीजनों का भी बड़ा योगदान रहा।मुंबई डिवीजन से लगभग 29.17 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गयाभुसावल डिवीजन से करीब 36.93 करोड़ रुपये की राशि वसूल की गई रेलवे अधिकारियों का कहना है कि बिना टिकट यात्रा रोकने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है।







