IPL 2026 से पहले पांच बार की चैंपियन Mumbai Indians ने अपनी तैयारियों का आगाज कर दिया है। सोमवार को मुंबई में आयोजित प्री-सीजन कैंप के साथ टीम ने आधिकारिक तौर पर ट्रेनिंग शुरू की। पहले ही दिन खिलाड़ियों ने मैदान पर जमकर मेहनत की और फिटनेस से लेकर स्किल्स तक हर पहलू पर काम किया गया। टीम मैनेजमेंट का मानना है कि शुरुआती दिनों की तैयारी पूरे टूर्नामेंट की लय तय करती है। इसी वजह से ट्रेनिंग कैंप में खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता और मैच फिटनेस पर खास ध्यान दिया गया।
पहले ट्रेनिंग सेशन की शुरुआत खिलाड़ियों की फिटनेस जांच और कंडीशनिंग ड्रिल से हुई। खिलाड़ियों ने मूवमेंट ड्रिल, एजिलिटी एक्सरसाइज और अलग-अलग तरह के फिटनेस टेस्ट में हिस्सा लिया।
IPL 2026: फिटनेस और कंडीशनिंग पर रहा खास फोकस
कैंप में युवा और घरेलू खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण देखने को मिला। इस दौरान Shardul Thakur, Mayank Markande, अल्लाह गजनफर, नमन धीर, राजा अंगद बावा, रोबिन मिन्ज, रघु शर्मा, मयंक रावत, दानिश मलेवार, मोहम्मद इजहार और अश्विनी कुमार जैसे खिलाड़ी मौजूद रहे। कोचिंग स्टाफ ने खिलाड़ियों को फिटनेस के साथ-साथ मैदान पर मूवमेंट और रिएक्शन टाइम सुधारने के अभ्यास भी कराए। टीम के हेड कोच Mahela Jayawardene ने ट्रेनिंग के पहले दिन को लेकर कहा कि प्री-सीजन कैंप की शुरुआत हमेशा अलग ऊर्जा लेकर आती है। उनके मुताबिक जब खिलाड़ी लंबे ब्रेक के बाद मैदान पर लौटते हैं तो टीम के भीतर नई ऊर्जा और उत्साह साफ दिखाई देता है।
जयवर्धने ने कहा कि टीम में कई खिलाड़ी ऐसे हैं जो फ्रेंचाइजी की संस्कृति को अच्छी तरह समझते हैं, जबकि कुछ नए चेहरे भी शामिल हुए हैं। ऐसे में शुरुआती दिनों में टीम का तालमेल बनाना बेहद जरूरी होता है।
मलिंगा और म्हाम्ब्रे संभाल रहे गेंदबाजी की जिम्मेदारी
मुंबई इंडियंस के सपोर्ट स्टाफ को इस सीजन काफी मजबूत बनाया गया है। गेंदबाजी कोच के रूप में Lasith Malinga और Paras Mhambrey खिलाड़ियों को टिप्स देते नजर आए। इसके अलावा, फील्डिंग कोच कार्ल हॉपकिंसन ने फील्डिंग ड्रिल्स का नेतृत्व किया। वहीं स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग टीम और फिजियो स्टाफ भी खिलाड़ियों की फिटनेस पर नजर बनाए हुए हैं। कोचिंग स्टाफ का लक्ष्य है कि खिलाड़ी टूर्नामेंट शुरू होने से पहले पूरी तरह मैच फिट हो जाएं।
सीनियर खिलाड़ियों के जुड़ने का इंतजार
प्री-सीजन कैंप के शुरुआती सत्र में ज्यादातर युवा और घरेलू खिलाड़ी मौजूद रहे। आने वाले दिनों में टीम के बड़े नाम भी कैंप से जुड़ेंगे। इनमें कप्तान Hardik Pandya, Rohit Sharma, Suryakumar Yadav और Jasprit Bumrah जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। इन खिलाड़ियों के आने के बाद ट्रेनिंग सत्र और भी प्रतिस्पर्धी हो जाएगा और टीम कॉम्बिनेशन पर भी काम शुरू होगा।
नीलामी के बाद बदली नजर आ रही टीम
आईपीएल 2026 की नीलामी के बाद मुंबई इंडियंस की टीम में कई नए बदलाव देखने को मिल रहे हैं। इस बार टीम में अनुभव और युवा जोश का संतुलन बनाने की कोशिश की गई है। टीम में Trent Boult की वापसी हुई है, जबकि Quinton de Kock, Mitchell Santner और Will Jacks जैसे विदेशी खिलाड़ी भी टीम को मजबूती दे रहे हैं।
इसके अलावा Deepak Chahar और शार्दुल ठाकुर के आने से भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण पहले से ज्यादा मजबूत नजर आ रहा है। टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि इस बार संतुलित स्क्वॉड के दम पर मुंबई इंडियंस एक बार फिर खिताब की दौड़ में मजबूती से उतर सकती है।







