Up crime: उत्तर प्रदेश के संभल जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां मामी से निकाह करने की जिद में एक पति ने अपनी पत्नी की चार बच्चों के सामने बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी कैंची मारकर आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन आसपास के लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
आशा वर्कर थी मृतका
यह घटना संभल कोतवाली क्षेत्र के मंडी किशनदास सराय गांव की है। मृतका की पहचान 38 वर्षीय नजमा के रूप में हुई है। वह आशा वर्कर के तौर पर काम कर अपने चार बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी। वहीं उसका पति मोहम्मद नफीस (40) पेशे से मेडिकल स्टोर संचालक बताया जा रहा है।
Up crime: मामी के साथ चल रहा था अफेयर
परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक नफीस का अपनी ही मामी के साथ पिछले करीब तीन साल से संबंध था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। करीब दो साल पहले झगड़े बढ़ने के बाद नजमा अपने चारों बच्चों को लेकर पति का घर छोड़कर मंडी किशनदास सराय इलाके में किराए के मकान में रहने लगी थी। करीब छह महीने बाद उसे आशा वर्कर की नौकरी मिल गई, जिसके सहारे वह बच्चों की परवरिश कर रही थी।
Up crime: कई महीनों से तलाक का बना रहा था दबाव
बताया जा रहा है कि नफीस पिछले कई महीनों से नजमा पर तलाक देने का दबाव बना रहा था, ताकि वह अपनी मामी से निकाह कर सके। लेकिन नजमा इसके लिए तैयार नहीं थी। रविवार रात मेडिकल स्टोर बंद करने के बाद नफीस इफ्तार करके पत्नी से बात करने उसके घर पहुंचा। रात करीब साढ़े दस बजे दोनों के बीच तलाक और मामी से संबंध को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में नफीस ने घर में रखी कैंची उठाकर नजमा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। तीन वार लगते ही नजमा लहूलुहान होकर गिर पड़ी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह खौफनाक मंजर चारों बच्चों के सामने हुआ।
आरोपी ने खुदकुशी की भी कोशिश की
वारदात के बाद नफीस ने खुद को भी कैंची मारकर आत्महत्या करने की कोशिश की। हालांकि शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके से खून से सनी कैंची बरामद कर ली है। नजमा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल नफीस को इलाज के लिए मुरादाबाद रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और फोरेंसिक टीम भी सबूत जुटा रही है।
पुलिस क्या कह रही है
Up crime: इस मामले में इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह का कहना है कि आरोपी पति को हिरासत में लेकर इलाज के लिए भेजा गया है। घटनास्थल से बरामद कैंची को फिंगरप्रिंट जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा गया है। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े: ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई की सुरक्षा में तैनात है NOPO







