Kabul Hospital Attack : सोमवार देर रात पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल पर हवाई हमला किया। अफगानिस्तान के उप सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इस हमले में काबुल के उस अस्पताल को निशाना बनाया गया, जहां नशे की लत से पीड़ित लोगों का इलाज किया जाता है। इस हमले में अब तक 400 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 250 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
हमले में अस्पताल तबाह, बचाव जारी
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए हमदुल्लाह फितरत ने कहा कि सोमवार रात हुए हमले में अस्पताल का बड़ा हिस्सा पूरी तरह नष्ट हो गया। उन्होंने बताया कि बचाव दल मौके पर मौजूद हैं और इमारत में लगी आग बुझाने के साथ-साथ मलबे से शवों को बाहर निकालने का काम कर रहे हैं। हालांकि पाकिस्तान ने अस्पताल को निशाना बनाने के आरोप से इनकार किया है। पाकिस्तान का कहना है कि सोमवार को काबुल और पूर्वी अफगानिस्तान में किए गए हमलों के दौरान किसी भी नागरिक स्थल को निशाना नहीं बनाया गया।

Kabul Hospital Attack : अस्पताल हमले पर आरोप-प्रत्यारोप तेज
दूसरी ओर, अफगानिस्तान ने पाकिस्तान की सेना पर आरोप लगाया है कि हवाई हमलों में काबुल के उस अस्पताल को निशाना बनाया गया, जहां नशा मुक्ति का इलाज किया जाता है। अफगानिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि इस हमले में 400 से अधिक लोगों की मौत हुई है। वहीं पाकिस्तान ने इन आरोपों को खारिज करते हुए दोहराया कि पूर्वी अफगानिस्तान में किए गए हमलों में किसी भी नागरिक जगह को निशाना नहीं बनाया गया।
अफगानिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शराफत जमान ने बताया कि हमले के बाद अस्पताल का अधिकांश हिस्सा पूरी तरह नष्ट हो गया है। अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने भी इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। स्थानीय टीवी चैनलों ने भी ऐसी फुटेज दिखाई, जिसमें दमकलकर्मी मलबे के बीच लगी आग बुझाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
सीमा तनाव के बीच हमले का आरोप
यह कथित हमला उस समय हुआ, जब अफगान अधिकारियों ने दोनों देशों की साझा सीमा पर गोलीबारी की घटना की जानकारी दी थी। इस सीमा संघर्ष में अफगानिस्तान की ओर चार लोगों की मौत भी हुई थी। दोनों पड़ोसी देशों के बीच जारी यह तनाव अब तीसरे सप्ताह में पहुंच गया है और इसे हाल के वर्षों का सबसे गंभीर टकराव माना जा रहा है।
वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मोशर्रफ जैदी ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि काबुल के किसी भी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया।
आतंकी ठिकानों पर हमले का दावा
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने भी एक पोस्ट जारी कर कहा कि काबुल और नंगरहार में अफगान तालिबान और अफगानिस्तान में मौजूद पाकिस्तानी आतंकवादियों के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया था। मंत्रालय के अनुसार इन ठिकानों में तकनीकी उपकरण और गोला-बारूद के भंडार भी शामिल थे।
मंत्रालय का कहना है कि इन स्थानों का इस्तेमाल निर्दोष पाकिस्तानी नागरिकों के खिलाफ हमलों के लिए किया जा रहा था। पाकिस्तान ने यह भी कहा कि उसकी कार्रवाई पूरी तरह सटीक और सावधानीपूर्वक की गई थी, ताकि किसी भी आम नागरिक को नुकसान न पहुंचे।







