Bihar Next CM: बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक बयान ने सत्ता परिवर्तन की अटकलों को हवा दे दी है। जमुई में समृद्धि यात्रा के दौरान मंच से दिया गया उनका इशारा अब बड़े राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
मंच से मिला बड़ा संकेत
बुधवार को जमुई पहुंचे नीतीश कुमार ने कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कंधे पर हाथ रखा और लोगों से उनके समर्थन में हाथ उठवाए। इसी दौरान उन्होंने कहा— अब सब काम ये सम्राट करेंगे।इस बयान के बाद सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई कि क्या यह बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर संकेत है।
Bihar Next CM: राज्यसभा जाने की तैयारी और बढ़ी चर्चा
नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद यह अटकलें और मजबूत हो गई हैं। उनका कार्यकाल 10 अप्रैल से शुरू होना है। ऐसे में माना जा रहा है कि वे जल्द ही मुख्यमंत्री पद छोड़ सकते हैं, जिससे बिहार में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो सकता है।
Bihar Next CM: बीजेपी के मुख्यमंत्री की संभावना?
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर नीतीश कुमार पद छोड़ते हैं, तो इस बार बिहार में बीजेपी का मुख्यमंत्री बन सकता है। ऐसे में सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। जमुई में दिया गया नीतीश का बयान इस संभावना को और मजबूत करता दिख रहा है।यह पहला मौका नहीं है जब नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को लेकर ऐसा इशारा किया हो। हाल ही में कटिहार के एक कार्यक्रम में भी उन्होंने सार्वजनिक तौर पर उनकी सराहना की थी और उन्हें आगे बढ़ाने के संकेत दिए थे।
समृद्धि यात्रा के बीच विकास पर फोकस
जमुई दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कुंडघाट जलाशय परियोजना का उद्घाटन किया और विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण भी किया। समृद्धि यात्रा के चौथे चरण के तहत वे विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं और आगे नवादा में भी उनका कार्यक्रम तय है।
Bihar Next CM: दिल्ली जाने से पहले सियासी हलचल तेज
राज्यसभा जाने से पहले नीतीश कुमार के ये लगातार दौरे और बयान राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माने जा रहे हैं। अब सबकी नजर इस पर टिकी है कि क्या बिहार को जल्द नया मुख्यमंत्री मिलेगा और क्या सम्राट चौधरी उस पद तक पहुंचेंगे।फिलहाल, एक बयान ने बिहार की राजनीति में बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है—क्या बदलाव की बारी आ चुकी है?
ये भी पढ़े: नवरात्र और रमज़ान साथ-साथ, फिर भी न कर्फ्यू न दंगा यूपी में सब चंगा







