CM Yogi’s statement: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने का दावा किया है। लखनऊ में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का जिक्र किया। सीएम योगी ने कहा कि कुछ नियुक्ति पत्र रोककर रखे जाएंगे, ताकि जब सरकार तीसरी बार सत्ता में लौटे तो युवाओं के लिए फिर नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जा सके।
‘तीसरी बार आएंगे तो युवाओं को फिर देंगे नियुक्ति पत्र’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “कुछ नियुक्ति पत्र हम लोग रोकेंगे। जब तीसरी बार आएंगे, तो तीसरी बार भी कुछ नौजवानों के लिए नियुक्ति पत्र वितरण के कार्यक्रम को आगे बढ़ाएंगे।” उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाने के दावे के तौर पर देखा जा रहा है। योगी ने अपने संबोधन में युवाओं और रोजगार के मुद्दे पर भी बात की।

CM Yogi’s statement: पहले भर्ती प्रक्रिया में होती थीं अनियमितताएं- योगी
सीएम योगी ने पिछली सरकारों के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश की भर्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि करीब नौ से दस साल पहले प्रदेश में भर्तियां लगभग बंद हो गई थीं। जब भर्ती प्रक्रिया शुरू भी होती थी, तब उसमें बड़े पैमाने पर अनियमितताएं होती थीं। योगी के मुताबिक, उस समय आवेदन कोई और करता था, परीक्षा कोई और देता था और नियुक्ति पत्र किसी तीसरे व्यक्ति को मिल जाता था। उन्होंने दावा किया कि ऐसे लोगों को भी नौकरी मिल जाती थी, जिन्होंने आवेदन तक नहीं किया था।
‘कर्फ्यू और दंगे राज्य की नियति बन गए थे’
मुख्यमंत्री ने कहा कि नौ-दस साल पहले उत्तर प्रदेश ने देश में अपनी पहचान खो दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में प्रदेश अव्यवस्था और अशांति का केंद्र बन गया था और कर्फ्यू व दंगे राज्य की नियति बन गए थे। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और यहां युवाओं की बड़ी कार्यशक्ति मौजूद है, लेकिन पहले उनकी प्रतिभा और क्षमता का सही इस्तेमाल नहीं हो पा रहा था।
CM Yogi’s statement: यूपी का नाम सुनकर कमरा खाली करने को कहते थे लोग
सीएम योगी ने दूसरे राज्यों में उत्तर प्रदेश के युवाओं को होने वाली कथित परेशानियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले किसी युवक की मेहनत और प्रतिभा देखकर लोग उसे किराये पर कमरा दे देते थे, लेकिन जब उन्हें पता चलता था कि वह उत्तर प्रदेश से है, तो उससे कमरा खाली करने के लिए कह दिया जाता था। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में दावा किया कि पिछले वर्षों में प्रदेश की स्थिति बदली है और भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने के साथ युवाओं को रोजगार के अवसर देने की दिशा में काम किया गया है।
ये भी पढ़े… कौन हैं हरमीत ढिल्लों? चंडीगढ़ से ट्रंप प्रशासन तक पहुंचीं, अब इस्तीफे से क्यों मची हलचल?








