LPG Supply: दिल्ली सरकार ने केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुसार कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दी है। अब दिल्ली में प्रतिदिन 4500 सिलेंडर (19 किलो) वितरित किए जाएंगे, जो पहले 1800 सिलेंडर थे। यह निर्णय बिना रुकावट जरूरी सेवाओं, होटलों, उद्योगों और प्रवासी मजदूरों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए लिया गया है। खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने इस फैसले को सही दिशा में एक कदम बताया और अफवाहों को खारिज किया।
नई सप्लाई व्यवस्था और कैटेगरी बंटवारा
नई व्यवस्था के तहत एलपीजी वितरण को सात प्रमुख श्रेणियों में बांटा गया है। इसमें 3,375 सिलेंडर (75 प्रतिशत) होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों के लिए, 225 सिलेंडर (5 प्रतिशत) सरकारी संस्थानों और औद्योगिक कैंटीन के लिए और 684 सिलेंडर (4 प्रतिशत) प्रवासी मजदूरों के लिए निर्धारित किए गए हैं। बाकी श्रेणियों में छोटी औद्योगिक इकाइयाँ, कैटरिंग, बैंक्वेट और खेल सुविधाएँ शामिल हैं।
LPG Supply: केंद्र सरकार के निर्देशों का पालन
खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री सिरसा ने बताया कि यह सप्लाई केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार की जा रही है, जिसमें पिछले तीन महीने की औसत खपत को आधार बनाया गया है। आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है, और जमाखोरी तथा कालाबाजारी को रोकने के लिए जांच टीमें भी काम कर रही हैं।
मंत्री सिरसा का अफवाहों पर स्पष्ट रुख
मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और न ही उन्हें फैलाएं। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग सप्लायर और आईजीएल के साथ लगातार संपर्क में है, ताकि सप्लाई बिना किसी समस्या के जारी रहे और पूरी पारदर्शिता के साथ वितरण किया जा सके।







