Sitapur Masjid: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के नयागांव बेहटी में सोमवार तड़के प्रशासन ने 12 साल पुराने विवादित मस्जिद निर्माण को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया। प्रशासन की टीम रात 3 बजे मौके पर पहुंची, बुलडोजर 4 बजे मंगवाए गए और सुबह 5 बजे कार्रवाई शुरू हुई। करीब 8 बजे तक मस्जिद पूरी तरह ढहाई जा चुकी थी। फिलहाल मलबे को हटाने का काम जारी है।

12 साल पुराना विवादित निर्माण
जानकारी के मुताबिक, मस्जिद 12 साल पहले तालाब और कब्रिस्तान की जमीन पर करीब 0.2430 हेक्टेयर (डेढ़ बीघा) क्षेत्र में बनाई गई थी। लंबे समय से स्थानीय ग्राम सभा और लोगों के बीच इसे लेकर विवाद चला आ रहा था। 18 दिसंबर 2025 को ग्राम सभा ने तहसीलदार कोर्ट में मस्जिद को अवैध घोषित करने की शिकायत दर्ज कराई थी। कोर्ट ने 6 जनवरी 2026 को मस्जिद को अवैध घोषित करते हुए मालिकान को बेदखल करने का आदेश पारित किया था। अदालत ने 15 दिन का समय दिया ताकि मस्जिद से जरूरी सामान हटाया जा सके। प्रशासन ने भी तहसीलदार लहरपुर के माध्यम से उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 67 के तहत नोटिस जारी किया, लेकिन नोटिस का पालन नहीं किया गया। इसके बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई का फैसला किया।

Sitapur Masjid: 500 से अधिक सुरक्षा बल तैनात
एडीएम नीतीश कुमार, एएसपी आलोक सिंह, लहरपुर सीओ आलोक कुमार और एसडीएम आकांक्षा गौतम समेत तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा के लिए दो प्लाटून पीएसी, 18 थानों के थानाध्यक्ष, 35 सब-इंस्पेक्टर और करीब 250 महिला-पुरुष सिपाही तैनात किए गए। एडीएम नीतीश कुमार ने बताया कि रात में कार्रवाई इसलिए की गई ताकि मेन रोड के यातायात में कोई बाधा न आए और किसी को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई और सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
ये भी पढ़े… मौत को मात देकर लौटे सलीम वास्तिक, सुरक्षा में गनर तैनात बोले- ‘मैं डरा नहीं’







