UP news: विकास खंड नौहझील की ग्राम पंचायत रायपुर के खादर क्षेत्र में आज सुबह करीब 10 बजे एक भीषण हादसा हो गया, जब बिजली की लाइन से निकली चिंगारी ने गेहूं की खड़ी फसल में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लगभग 60 एकड़ (करीब 300 बीघा) गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और किसानों के बीच कोहराम की स्थिति बन गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के हजारों किसानों को खुद ही मोर्चा संभालना पड़ा। किसानों ने सैकड़ों ट्रैक्टरों और पेड़-पौधों की मदद से घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हालांकि, अग्निशमन विभाग को सूचना देने के बावजूद कोई भी दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
लापरवाही का आरोप, पहले से थी चेतावनी
ग्रामीणों का आरोप है कि खेतों तक जाने वाली बिजली लाइन लंबे समय से जर्जर हालत में थी। किसानों द्वारा कई बार बिजली विभाग को इसकी शिकायत की गई, लेकिन अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। यही नहीं, आसपास के कई गांवों में भी बिजली लाइनों की हालत खराब बताई जा रही है, जिससे भविष्य में भी ऐसे हादसों की आशंका बनी हुई है।
UP news: किसानों पर टूटा आर्थिक संकट
इस आगजनी की घटना में रायपुर गांव के ओमवीर, संजीव, रविंद्र, करुआ, बंटू, महेंद्र, राजू, देवपाल, दामो, ओमप्रकाश, लाला, हरकेश, बंटी, मोहन, सुरेंद्र और जुगेंद्र समेत कई किसानों की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। इससे इन किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
इतना ही नहीं, लगभग 20 किसानों की फसल पहले ही कट चुकी थी, लेकिन उनका भूसा तैयार नहीं हो पाया था। अब उन्हें पशुओं के चारे के लिए दर-दर भटकना पड़ेगा, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है।
UP news: मुआवजे की मांग, प्रशासन हरकत में
घटना के बाद भाजपा नेता चौधरी प्रेम नौहवार ने क्षेत्रीय विधायक राजेश चौधरी और प्रशासन से बातचीत कर प्रभावित किसानों के लिए मुआवजे की मांग की है। आग पर काबू पाने के बाद तहसीलदार और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जली हुई फसल का मुआयना शुरू कर दिया है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आंकलन किया जा रहा है, जिसके आधार पर मुआवजे की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
यह भी पढे़ : वृंदावन में यमुना हादसा: पर्यटकों से भरी नाव पलटी, 10 की मौत; कई लापता, रेस्क्यू जारी








