Bengal Election: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रविदास मेहरोत्रा ने देश की राजनीति को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी एक बार फिर सत्ता में वापसी करेंगी और चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगी। साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने का दावा भी किया। मेहरोत्रा ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कई मुद्दों पर सरकार को घेरा।
बंगाल में टीएमसी की वापसी का दावा
मेहरोत्रा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की लहर चल रही है और भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने सुभाष चंद्र बोस के परपोते के टीएमसी में शामिल होने को पार्टी के लिए सकारात्मक संकेत बताया। उनके अनुसार, इससे टीएमसी का प्रभाव और मजबूत होगा और ममता बनर्जी लगातार चौथी बार मुख्यमंत्री पद संभालेंगी।
Bengal Election: यूपी में सपा सरकार का भरोसा, भाजपा पर हमला
सपा नेता ने उत्तर प्रदेश की राजनीति पर भी बड़ा बयान देते हुए कहा कि 2027 में भाजपा सरकार सत्ता से बाहर हो जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और प्रदेश में “जंगलराज” जैसी स्थिति है। उन्होंने योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और जनता में भारी नाराजगी है।
गैस संकट, भाषा और आरक्षण पर उठाए सवाल
रविदास मेहरोत्रा ने गैस आपूर्ति को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर गैस की कोई कमी नहीं है तो लोगों को लंबी लाइनों में क्यों लगना पड़ रहा है और सिलेंडर महंगे दामों पर क्यों बिक रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने उर्दू भाषा को लेकर दिए गए बयानों की आलोचना करते हुए कहा कि सभी भाषाओं का सम्मान होना चाहिए।
महिला आरक्षण बिल पर उन्होंने संसद सत्र को अपर्याप्त बताते हुए इसकी अवधि बढ़ाने की मांग की और आरक्षण लागू करने से पहले जाति जनगणना कराने की बात कही। साथ ही उन्होंने मशहूर गायिका आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए इसे देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया।








