UP Election 2027: संसद में महिला आरक्षण बिल गिरने पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी और डीएमके पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों ने देश की आधी आबादी यानी महिलाओं के साथ अत्याचार किया है। लखनऊ में आईएएनएस से बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश की आजादी के 75 साल बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक कदम उठाया गया। लेकिन इंडिया गठबंधन ने महिलाओं को उनके हक से वंचित रखा।
केशव प्रसाद मौर्य ने दी चेतावनी
केशव प्रसाद मौर्य ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग महिलाओं का विरोध करेंगे, उनका राजनीतिक भविष्य अंधकारमय है। उनका राजनीतिक अस्तित्व चौपट हो चुका है। समाजवादी पार्टी को इसकी सजा 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिलेगी जबकि कांग्रेस का सूपड़ा 2029 के लोकसभा चुनाव में साफ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जन आक्रोश मार्च तो अभी सिर्फ शुरुआत है। यह बहुत लंबी लड़ाई है। हम इस लड़ाई को हर बूथ तक और हर माता-बहन तक ले जाएंगे। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के काले कारनामों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। मौर्य ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव राहुल गांधी के चाल-जाल में फंस गए हैं। अखिलेश यादव कभी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे, ठीक वैसे ही जैसे राहुल गांधी कभी प्रधानमंत्री नहीं बन पाए।
UP Election 2027: 2027 में होगा अखिलेश का हिसाब
देश की आधी आबादी के साथ टकराने वाला अपना राजनीतिक अस्तित्व गंवा देगा। 2027 में अखिलेश यादव का हिसाब होगा। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन महिला विरोधी है और यह संदेश हम हर व्यक्ति तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के चुनाव में टीएमसी को सबक सिखाया जाएगा। उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव को और तमिलनाडु में डीएमके को महिलाएं सबक सिखाएंगी। बताते चलें कि यूपी भाजपा की ओर से जन आक्रोश रैली निकाली जाएगी जिसमें सीएम योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। इस रैली में काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल होंगी।
वहीं, यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध कर विपक्ष ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उनके लिए महिला सशक्तीकरण सिर्फ दिखावा है, जबकि हमारे लिए यह एक मिशन है। भाजपा सरकार नारी के नेतृत्व में विकास के लिए प्रतिबद्ध है, वहीं विपक्ष आज भी पितृसत्तात्मक और संकीर्ण मानसिकता से बाहर नहीं निकल पाया है। हम अपनी मातृशक्ति के सम्मान और उनके हक के लिए संकल्पित हैं।
ये भी पढ़े… यूपी में किसानों के लिए राहत: योगी सरकार ने बदले गेहूं खरीद नियम, अब बिना रजिस्ट्रेशन बिक्री संभव








