Home » बिहार » बैलगाड़ी पर निकली बारात! बेगूसराय की इस शादी ने सोशल मीडिया पर मचाई धूम

बैलगाड़ी पर निकली बारात! बेगूसराय की इस शादी ने सोशल मीडिया पर मचाई धूम

Bihar news: बिहार के बेगूसराय से एक ऐसी शादी सामने आई है, जिसने आधुनिक दौर में परंपरा की नई मिसाल पेश कर दी। यहां बारात ना तो लग्जरी कारों में निकली और ना ही किसी दिखावे के साथ, बल्कि पूरी बारात बैलगाड़ियों पर सवार होकर दुल्हन के गांव पहुंची। यही वजह है कि यह अनोखी शादी अब हर जगह चर्चा का विषय बन गई है।

 17 अप्रैल को हुई अनोखी शादी

यह मामला 17 अप्रैल का है। बेगूसराय जिले के छौराही प्रखंड के पुरपथार गांव निवासी चंद्रकांत यादव के बेटे प्रिंस यादव की शादी समस्तीपुर जिले के हसनपुर में तय हुई थी। परिवार ने इस शादी को खास और यादगार बनाने के लिए बैलगाड़ी से बारात निकालने का फैसला लिया।

Bihar news: पूरे गांव में बना उत्सव जैसा माहौल

बारात के दिन गांव का नजारा बिल्कुल अलग था। दर्जनों बैलगाड़ियों को फूलों, रंग-बिरंगे कपड़ों और लाइटों से सजाया गया था। जैसे ही बारात निकली, गांव के लोग इसे देखने के लिए उमड़ पड़े। हर तरफ उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

Bihar news: दूल्हे के लिए खास बैलगाड़ी

दूल्हे के लिए अलग से एक खास बैलगाड़ी तैयार की गई थी, जिसे बेहद आकर्षक तरीके से सजाया गया था। इस अनोखे अंदाज ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

 विधायक भी बैलगाड़ी में हुए शामिल

इस शादी की खास बात यह भी रही कि चेरियावरियारपुर से जेडीयू विधायक अभिषेक आनंद भी इस बारात में शामिल हुए। उन्होंने भी अपनी गाड़ी छोड़कर दूल्हे के साथ बैलगाड़ी में ही कई किलोमीटर की यात्रा की। उनके साथ बॉडीगार्ड और समर्थक भी मौजूद रहे। इस अनोखी बारात का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस पहल को परंपरा को जिंदा रखने की एक शानदार कोशिश बता रहे हैं।

 परंपरा और आधुनिकता का संतुलन

बेगूसराय की यह शादी सिर्फ एक पारिवारिक कार्यक्रम नहीं रही, बल्कि इसने समाज को एक खास संदेश दिया है, कि बिना दिखावे के भी शादी को यादगार बनाया जा सकता है। साथ ही यह पहल बताती है कि परंपरा और आधुनिकता के बीच संतुलन बनाकर भी अलग पहचान बनाई जा सकती है।

क्यों खास है ये खबर?

Bihar news: लग्जरी कारों की जगह बैलगाड़ी से बारात, गांव की संस्कृति को मिला बढ़ावा, विधायक भी बने इस अनोखी पहल का हिस्सा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल।

 

ये भी पढ़े: “Make in India” की ताकत: बनारस में बने रेल इंजन अब अफ्रीका में दौड़ेंगे