Gujarat News: सूरत के अलथाण इलाके में शुक्रवार रात एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ की घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना से आक्रोशित लोगों की भीड़ थाने के बाहर जमा हो गई, जिसके चलते पुलिस को स्थिति काबू में करने के लिए हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।
मोहम्मद अजीज ने की छेड़छाड़
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 8 बजे 10वीं कक्षा की एक छात्रा अलथाण क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान बारडोली निवासी 39 वर्षीय मोहम्मद अजीज इलियाज ने कथित तौर पर छात्रा का हाथ पकड़कर उससे छेड़छाड़ की। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। गुस्साई भीड़ ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी की पिटाई कर दी। यहां तक कि 112 पीसीआर वैन आने के बाद भी लोग आरोपी पर हमला करने की कोशिश करते रहे।
Gujarat News: आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग अलथाण पुलिस स्टेशन के बाहर इकट्ठा हो गए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने पहले समझाने की कोशिश की, लेकिन भीड़ के उग्र होने पर हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय विधायक मनु पटेल भी थाने पहुंचे और अधिकारियों से बातचीत कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
इस मामले में डीसीपी निधि ठाकुर ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ पोक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। पीड़िता के बयान परिजनों और स्कूल टीचर की मौजूदगी में दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और कानून को अपने हाथ में न लें। साथ ही आश्वासन दिया है कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े… कभी मौलवी तो कभी यूट्यूबर… गाजियबाद में कैसे पकड़ा गया Ex मुस्लिम सलीम? बार-बार देता रहा पुलिस को चकमा








