UP News: गाजियाबाद में आज बुधवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में करीब 1 बजे बदमाशों ने 20 लाख रुपये से भरी ATM कैश वैन को निशाना बनाते हुए ड्राइवर को बंधक बना लिया और फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।
कैसे लूटा कैश?
बताया जा रहा है कि एवन इंडिया नामक वित्तीय संस्था के कर्मचारी कैश वैन से एटीएम में नकदी जमा करने पहुंचे थे। जैसे ही कर्मचारी कैश लेकर एटीएम की ओर बढ़े, मौके पर घात लगाए बैठे बदमाश सक्रिय हो गए। ड्राइवर को अकेला पाकर उन्होंने हथियारों के बल पर उसे काबू में किया और पूरी कैश वैन लेकर फरार हो गए। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पूरे शहर में नाकाबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया। पुलिस की सक्रियता के चलते करीब 8 किलोमीटर दूर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर कैश वैन लावारिस हालत में बरामद कर ली गई, लेकिन उसमें रखा सारा कैश गायब था। आशंका है कि बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद एक्सप्रेस-वे के रास्ते हापुड़ की ओर फरार हो गए।

UP News: पुलिस ने मामले में क्या कहा?
मामले में डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि कैश वैन से लूटी गई रकम का सटीक आकलन किया जा रहा है। इसके लिए संबंधित वित्तीय संस्था से पूरा रिकॉर्ड मंगवाया गया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कितनी रकम एटीएम में जमा हो चुकी थी और कितनी वैन में मौजूद थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 8 विशेष टीमों का गठन किया है, जो अलग-अलग एंगल से जांच में जुटी हैं। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान की कोशिश की जा रही है। इसके साथ ही संस्था के कर्मचारियों और ड्राइवर से भी गहन पूछताछ की जा रही है।








