Tamil Nadu Election: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा सीटें जीतने वाली TVK अब सरकार बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। पार्टी प्रमुख विजय आज सुबह 11 बजे राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात करेंगे। इसके लिए वे लोकभवन के लिए रवाना भी हो चुके हैं।
बुधवार को भी हुई थी राज्यपाल से मुलाकात
इससे पहले बुधवार को भी विजय ने लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल से मुलाकात की थी। उस दौरान उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया था। हालांकि, उन्होंने केवल 113 विधायकों के समर्थन पत्र ही सौंपे थे। राज्यपाल ने उनसे 118 विधायकों का समर्थन दिखाने को कहा। इसके बाद विजय ने अतिरिक्त समर्थन जुटाने के लिए समय मांगा।
बहुमत के लिए अभी चाहिए और विधायक
तमिलनाडु विधानसभा में कुल 234 सीटें हैं। TVK ने चुनाव में 108 सीटें जीती हैं। विजय खुद दो सीटों से चुनाव जीते हैं, लेकिन एक सीट छोड़ने के बाद पार्टी की संख्या 107 रह जाएगी। ऐसे में विधानसभा की कुल प्रभावी सीटें 233 होंगी, लेकिन बहुमत का आंकड़ा फिर भी 118 ही रहेगा।फिलहाल कांग्रेस के 5 विधायकों ने TVK को समर्थन देने का फैसला किया है। इसके बावजूद पार्टी को बहुमत तक पहुंचने के लिए अभी और विधायकों की जरूरत है।
Tamil Nadu Election: AIADMK से समर्थन की अटकलें तेज
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि जरूरत पड़ने पर विजय AIADMK का समर्थन भी ले सकते हैं। वहीं, AIADMK के करीब 20 विधायकों में टूट की खबरें भी सामने आ रही हैं। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि कौन-कौन सी पार्टियां TVK के साथ आएंगी।सरकार गठन की हलचल के बीच TVK ने अपने सभी नवनिर्वाचित विधायकों को महाबलीपुरम के चेंगलपट्टू स्थित फोर पॉइंट्स रिसॉर्ट में ठहराया है। माना जा रहा है कि पार्टी अपने विधायकों को एकजुट रखने की कोशिश कर रही है।
4 मई को पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों के नतीजे घोषित हुए थे। असम और पुडुचेरी में NDA ने दोबारा सरकार बनाई है, जबकि बंगाल, तमिलनाडु और केरल में सत्ता परिवर्तन देखने को मिला।
बंगाल पहुंचेगे अमित शाह
इधर, गृह मंत्री अमित शाह आज शाम पश्चिम बंगाल पहुंचेंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, वे पहले बिहार में होने वाले कैबिनेट विस्तार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद सीधे बंगाल जाएंगे।बताया जा रहा है कि शाह वहां नई सरकार के गठन और आगे की राजनीतिक रणनीति को लेकर नेताओं के साथ बैठक करेंगे। BJP ने उन्हें बंगाल का ऑब्जर्वर भी बनाया है।
59 साल बाद तमिलनाडु में बड़ा राजनीतिक बदलाव
तमिलनाडु में विजय की केवल दो साल पुरानी पार्टी TVK ने सबसे ज्यादा सीटें जीतकर सभी को चौंका दिया है। राज्य में करीब 59 साल बाद ऐसी स्थिति बनी है, जब सरकार में न तो DMK होगी और न ही AIADMK।इस चुनाव में बड़ा उलटफेर भी देखने को मिला। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन अपनी-अपनी सीटों से चुनाव हार गए।







