Suvendu Adhikari PA: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को शांत कराने की कोशिश की है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संयम बरतने और कानून को अपने हाथ में लेकर किसी भी तरह की जवाबी कार्रवाई से दूर रहने को कहा है।
मीडियाकर्मियों से बात कर क्या बोले सुवेंदु अधिकारी?
उत्तरी 24 परगना जिले के मध्यमग्राम स्थित ‘वीवा सिटी हॉस्पिटल’ परिसर में मीडियाकर्मियों से बात करते हुए सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि इस नृशंस घटना से उपजे आक्रोश के बावजूद भाजपा समर्थकों को पुलिस की ओर से की जा रही जांच पर भरोसा रखना चाहिए, संयम बरतना चाहिए और कानून को अपने हाथ में लेकर किसी भी तरह की जवाबी कार्रवाई से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस हत्या के पीछे राजनीतिक संबंधों की प्रबल संभावना है। मैं इस समय इस मुद्दे पर और कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता। मैंने राज्य के पुलिस महानिदेशक सिद्धार्थ नाथ गुप्ता से चर्चा की है। उन्होंने मुझे बताया कि जांच अधिकारियों को हत्या स्थल के पास लगे सीसीटीवी की फुटेज से कुछ सुराग मिले हैं। आइए, हम पुलिस जांच पर भरोसा रखें। लेकिन दुख की इस घड़ी में हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं से मेरी यह विनम्र अपील है कि वे संयम बरतें और कानून को अपने हाथ में न लें। कृपया शांति बनाए रखें।
Suvendu Adhikari PA: पार्टी चंद्रनाथ के परिवार की जिम्मेदारी लेगी
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि पार्टी चंद्रनाथ के परिवार की पूरी जिम्मेदारी लेगी। उन्होंने यह भी वादा किया कि पार्टी चंद्रनाथ के वाहन चालक बुद्धदेव बेरा के इलाज की जिम्मेदारी भी लेगी। बुद्धदेव बेरा को भी गोली मारी गई थी, जिसकी हालत अभी गंभीर बनी हुई है। हालांकि, इस घटना पर तृणमूल कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक बयान जारी कर अदालत की निगरानी में सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। टीएमसी ने अपने बयान में कहा, “हम इस मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं, जिसमें कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच भी शामिल है, ताकि दोषियों की पहचान हो सके और उन्हें बिना किसी देरी के सजा दिलाई जा सके। लोकतंत्र में हिंसा और राजनीतिक हत्याओं की कोई जगह नहीं है और दोषियों को जल्द से जल्द जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।







