UP News: संभल जिले के एक पीएमश्री विद्यालय में हिंदू छात्र-छात्राओं को हिजाब और टोपी पहनाकर कथित तौर पर इस्लामिक प्रार्थना कराने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। दोनों को निलंबित कर दिया गया है, साथ ही उनके खिलाफ FIR भी दर्ज कराई गई है।
अब पढ़े पूरा मामला…
यह मामला संभल तहसील और ब्लॉक क्षेत्र के गांव जालम सराय स्थित पीएमश्री विद्यालय का बताया जा रहा है। हाल ही में विद्यालय से जुड़े कुछ वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आईं, जिनमें छात्राएं हिजाब पहने और छात्र टोपी लगाए नजर आए। वीडियो में बच्चों को अल्लामा इकबाल द्वारा लिखित प्रार्थना दुआ बनके तमन्ना मेरी… गाते हुए भी देखा गया। मामले के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की टीम ने 8 मई 2026 की सुबह विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक वालेश कुमार विद्यालय में मौजूद मिले, जबकि अन्य स्टाफ अनुपस्थित पाया गया।

UP News: धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा
अधिकारियों द्वारा बच्चों से पूछताछ में पता चला कि वायरल वीडियो कुछ समय पुराने हैं, जब मोहम्मद अंजार अहमद विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। फिलहाल वे मेडिकल लीव पर बताए जा रहे हैं। वहीं सहायक अध्यापक मोहम्मद गुल एजाज का नाम भी जांच में सामने आया है, जो वर्ष 2014 से उर्दू शिक्षक के रूप में विद्यालय में कार्यरत हैं। प्रशासन का आरोप है कि विद्यालय में धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया गया। जांच में छात्राओं को हिजाब पहनने, सजदा करने और छात्रों को टोपी पहनकर आने के लिए प्रेरित करने जैसे आरोप सामने आए हैं। इसके अलावा धर्म और भाषा के आधार पर भेदभाव तथा धार्मिक असहिष्णुता फैलाने के आरोप भी लगाए गए हैं।
मामले में DM ने क्या कहा?
जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर प्रधानाध्यापक मोहम्मद अंजार अहमद और सहायक अध्यापक मोहम्मद गुल एजाज के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है। वहीं प्रभारी प्रधानाध्यापक वालेश कुमार को अपने दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन न करने के आरोप में निलंबित किया गया है। डीएम ने मामले की विस्तृत जांच के लिए सीडीओ गोरखनाथ भट्ट की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित की है। प्रशासन का कहना है कि जांच में जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में शिक्षा का वातावरण निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या धार्मिक पक्षपात को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ये भी पढ़े… सोमनाथ मंदिर की 75वीं वर्षगांठ पर भारतीय वायुसेना का भव्य ‘सूर्य किरण एयर शो’, आसमान में दिखेंगे हवाई करतब








