Breaking News
Home » राजनीति » पीएम मोदी की अपील पर गरमाई राजनीति, कहीं से वार तो कहीं से पलटवार

पीएम मोदी की अपील पर गरमाई राजनीति, कहीं से वार तो कहीं से पलटवार

New Delhi: पीएम मोदी की अपील पर गरमाई राजनीति, कहीं से वार तो कहीं से पलटवार
PM addresses on ‘BAPS Karyakkar Suvarna Mahotsav’ via video message on December 07, 2024.
New Delhi: अमेरिका-इजरायल  और ईरान के बीच युद्ध के कारण पश्चिम एशिया में जारी संकट को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से एक साल तक सोना (Gold) न खरीदने की अपील की तो, इस पर राजनीति गरमा गई है। विपक्षी पार्टियों ने तीखे हमले शुरू किये हैं, तो भाजपा नेता भी जवाबी पलटवार करने में पीछे नहीं हैं। विपक्षी पार्टियां पीएम की अपील को सरकार की आर्थिक नीतियों की विफलता बता रही हैं, तो भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री की अपील देश को वैश्विक संकट के बीच आर्थिक रूप से मजबूत बनाए रखने की दिशा में एक जिम्मेदार कदम है।

New Delhi: ‘कंप्रोमाइज्ड पीएम’

विपक्ष की ओर से प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त दी है। उन्होंने कहा कि 12 साल में देश को इस मुकाम पर ला दिया है कि जनता को बताना पड़ रहा है कि क्या खरीदे, क्या न खरीदे, कहां जाए, कहां न जाए। हर बार जिम्मेदारी जनता पर डाल देते हैं ताकि खुद जवाबदेही से बच निकलें। देश चलाना अब ‘कंप्रोमाइज्ड पीएम’ के वश की बात नहीं।

New Delhi: ‘रिजेक्टेड माल’

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस ने राहुल गांधी की इस प्रतिक्रिया पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी भारतीय राजनीति के सबसे ज्यादा ‘रिजेक्टेड माल’ हैं। हर जगह से रिजेक्ट हुए, हर राज्य में रिजेक्ट हुए। देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ा है और लगातार उन्हें आशीर्वाद दे रहा है।”

New Delhi: इमरजेंसी की आहट ?

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल भी सियासी मैदान में कूद चुके हैं। केजरीवाल ने अपने एक्स पोस्ट में कहा, “पीएम ने देश के सभी नागरिकों को खाने-पीने में कटौती करने की सलाह दी है, घूमने-फिरने और विदेश यात्राओं में कटौती करने की सलाह दी है, सोना और अन्य कीमती चीजें खरीदने में भी कटौती करने की सलाह दी है। क्या यह आर्थिक इमरजेंसी की आहट है? क्या देश भारी आर्थिक संकट में फंस गया है? ऐसा तो देश में पहले कभी नहीं हुआ। प्रधानमंत्री जी को देश के सामने सच्चाई रखनी चाहिए। आखिर देश की असली आर्थिक हालत क्या है?
 

New Delhi: जनता घबराये नहीं

इस बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। केंद्र और संबंधित एजेंसियां मिलकर ऊर्जा सुरक्षा, आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती तथा बाजार में स्थिरता बनाए रखने के लिए समन्वित प्रयास कर रही हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे शांत रहें व धैर्य रखें और किसी भी प्रकार की घबराहट या अनावश्यक खरीदारी से बचें। सरकार के अनुसार, देश में आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

New Delhi:  असली संकट भाजपा

सपा प्रमुख और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी कि चुनाव खत्म होते ही ये संकट याद आ गया। उन्होंने कहा कि देश के लिए असली संकट भाजपा ही है। अखिलेश ने सवाल उठाया कि इतनी सारी पाबंदियां लगाकर भाजपा सरकार पंच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था कैसे बनाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी नाकामी को स्वीकार करे और देश को बर्बाद न करे।

New Delhi:  गुमराह कर रही सपा

भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष को अब देशहित के हर फैसले में राजनीति दिखाई देने लगी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान उनकी राजनीतिक हताशा और निराशा को दर्शाते हैं। लगातार चुनावी हार के बाद समाजवादी पार्टी मुद्दाविहीन हो चुकी है और अब हर राष्ट्रीय विषय पर बयानबाजी कर सुर्खियां बटोरने की कोशिश कर रही है।