UP News: उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू हो गया है। कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में लंबे समय से बिना सूचना ड्यूटी से गायब चल रहे पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 14 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं 118 अन्य पुलिसकर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। पुलिस कमिश्नर संकल्प शर्मा के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई से पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। विभागीय जांच में सामने आया कि कई पुलिसकर्मी सिर्फ दो से पांच दिनों की छुट्टी लेकर गए थे, लेकिन महीनों तक वापस ड्यूटी पर नहीं लौटे।
महीनों से ड्यूटी से गायब थे पुलिसकर्मी
सस्पेंड किए गए पुलिसकर्मियों में पुलिस लाइन में तैनात दो उपनिरीक्षक (दरोगा) भी शामिल हैं। इनमें एक दरोगा 37 दिनों से और दूसरा 152 दिनों से बिना सूचना गैरहाजिर चल रहा था। वहीं सिपाही दुष्यंत सबसे लंबे समय से अनुपस्थित पाए गए, जो पिछले 168 दिनों से ड्यूटी पर नहीं लौटे। सब इंस्पेक्टर मोनू सिंह भी 54 दिनों से बिना किसी सूचना के गैरहाजिर मिले। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह पहली बार नहीं है जब विभाग को इस तरह की कार्रवाई करनी पड़ी हो। इससे पहले जुलाई 2025 में भी 161 पुलिसकर्मियों की उपस्थिति और कार्यशैली की जांच की गई थी। उस दौरान भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी बिना अनुमति ड्यूटी से गायब पाए गए थे।
अधिकारियों का कहना है कि लगातार गैरहाजिरी से कानून व्यवस्था और प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे थे, जिसके बाद सख्त कदम उठाना जरूरी हो गया। विभाग की ओर से पहले भी संबंधित पुलिसकर्मियों को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन कई कर्मियों ने कोई जवाब नहीं दिया या संतोषजनक कारण पेश नहीं कर सके। अब 118 पुलिसकर्मियों को दोबारा नोटिस जारी कर निर्धारित समय के भीतर जवाब देने को कहा गया है। यदि वे अपनी अनुपस्थिति का वैध कारण या मेडिकल प्रमाण नहीं दे पाए, तो उनके खिलाफ निलंबन और विभागीय जांच की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
UP News: पुलिस कमिश्नर की दो टूक
पुलिस कमिश्नर संकल्प शर्मा ने साफ कहा कि विभाग में अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला, तो सेवा समाप्ति जैसी कड़ी कार्रवाई भी की जा सकती है। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को यूपी पुलिस में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
ये भी पढ़े… CBSE ने जारी किया 12वीं का रिजल्ट, बीते साल के मुकाबले 3.19 प्रतिशत कम, पहली बार लागू हुआ डिजिटल मूल्यांकन








