Andhra pradesh: आंध्र प्रदेश की N. Chandrababu Naidu सरकार ने जनसंख्या बढ़ाने को लेकर बड़ा संकेत दिया है। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने घोषणा की है कि राज्य में तीसरे बच्चे के जन्म पर परिवार को 30 हजार रुपये और चौथे बच्चे के जन्म पर 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। हालांकि सरकार की तरफ से अभी इस योजना को लेकर विस्तृत गाइडलाइन जारी नहीं की गई है, लेकिन सीएम के इस बयान के बाद राज्य में इसकी चर्चा तेज हो गई है। इससे पहले दूसरे बच्चे के जन्म पर 25 हजार रुपये देने की बात भी सामने आई थी, लेकिन उस पर अभी तक आधिकारिक रूप से ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है।
घटती जनसंख्या पर जताई चिंता
आंध्र प्रदेश के नरसन्नापेटा में आयोजित ‘स्वर्ण आंध्र–स्वच्छ आंध्र’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि राज्य में जनसंख्या वृद्धि दर लगातार कम हो रही है, जो भविष्य के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि बच्चों को बोझ नहीं, बल्कि देश की सबसे बड़ी ताकत और संपत्ति माना जाए। सीएम ने कहा कि सरकार चाहती है कि परिवार ज्यादा बच्चे पैदा करने के लिए आगे आएं, ताकि आने वाले समय में मानव संसाधन की कमी न हो।
Andhra pradesh: “पहले परिवार नियोजन पर काम किया, अब हालात बदल गए”
चंद्रबाबू नायडू ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने पहले परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के लिए काम किया था, लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। उन्होंने कहा, “मैंने इस बारे में कई बार सोचा है। पहले हम जनसंख्या नियंत्रण की बात करते थे, लेकिन अब बच्चे हमारी संपत्ति हैं। हमें उनके भविष्य और देश के विकास के लिए काम करना होगा।” सीएम ने आगे कहा कि तीसरे बच्चे के जन्म पर 30 हजार रुपये और चौथे बच्चे पर 40 हजार रुपये की मदद तुरंत दी जाएगी।
देश में क्यों बढ़ रही जनसंख्या को लेकर चिंता?
Andhra pradesh: दरअसल, देश के कई राज्यों में जन्म दर लगातार घट रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले वर्षों में कामकाजी आबादी कम होने का असर अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है। इसी वजह से अब कुछ राज्य सरकारें जनसंख्या बढ़ाने को लेकर प्रोत्साहन देने की दिशा में सोच रही हैं।








