UP News: उत्तर प्रदेश पुलिस ने सोशल मीडिया पर बढ़ती अनुशासनहीनता को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। डीजीपी मुख्यालय की ओर से जारी नए निर्देशों में साफ कहा गया है कि सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ऐसे मामलों की हर महीने रिपोर्ट तैयार कर वरिष्ठ अधिकारियों को भेजी जाएगी।

वर्दी में रील और विवादित पोस्ट पर सख्ती
यूपी पुलिस मुख्यालय के मुताबिक, हाल के दिनों में कई सेवारत और ट्रेनी पुलिसकर्मी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर रील, वीडियो और अन्य कंटेंट पोस्ट करते पाए गए हैं, जिनमें कई पोस्ट आपत्तिजनक और अनुशासनहीनता की श्रेणी में आती हैं। डीजीपी कार्यालय ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से सरकारी कार्य प्रभावित हो रहा है और यूपी पुलिस की छवि व गरिमा पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।
UP News: सभी जिलों को दिए गए निगरानी के निर्देश
आदेश में सभी जिलों और यूनिट्स के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर लगातार नजर रखें। जो कर्मचारी सोशल मीडिया पॉलिसी के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, उन्हें चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। डीजीपी मुख्यालय ने यह भी निर्देश दिया है कि सोशल मीडिया नियमों के उल्लंघन से जुड़े मामलों की विस्तृत रिपोर्ट हर महीने तय प्रोफार्मा में तैयार कर भेजी जाए। इसके अलावा विवादित पोस्ट, वीडियो और संबंधित URL को सुरक्षित रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।

2023 में लागू हुई थी सोशल मीडिया पॉलिसी
आपको बता दें कि यूपी पुलिस ने 8 फरवरी 2023 को डीजी परिपत्र संख्या-05/2023 के तहत सोशल मीडिया पॉलिसी लागू की थी। इसका उद्देश्य पुलिसकर्मियों द्वारा सोशल मीडिया का जिम्मेदारी और मर्यादा के साथ इस्तेमाल सुनिश्चित करना था। माना जा रहा है कि वर्दी में रील बनाने, वायरल वीडियो शेयर करने और सोशल मीडिया पर बढ़ती गैर-पेशेवर गतिविधियों के बाद यूपी पुलिस ने यह सख्त कदम उठाया है।
ये भी पढ़े… विदेश मंत्रालय ने बताया क्यों खास रही PM मोदी की स्वीडन यात्रा? गिनाई ये 6 बड़ी उपलब्धियां…








