Cockroach Janta Party: इन दिनों सोशल मीडिया पर एक अनोखा नाम तेजी से वायरल हो रहा है- ‘कॉकरोच जनता पार्टी’। शुरुआत में लोगों ने इसे सिर्फ एक मजाक या मीम समझा, लेकिन देखते ही देखते यह इंटरनेट पर बड़ा ट्रेंड बन गया। इंस्टाग्राम, एक्स (पूर्व में ट्विटर) और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इस नाम की चर्चा लगातार बढ़ती जा रही है।
सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लाखों लोग जुड़े
कुछ ही दिनों में इस पार्टी के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लाखों लोग जुड़ चुके हैं। खासकर युवाओं और जेन-जी यूजर्स के बीच इसका क्रेज तेजी से बढ़ा है। इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोअर्स लाखों में पहुंच गए हैं, जबकि एक्स पर भी बड़ी संख्या में लोग इस अकाउंट को फॉलो कर रहे हैं।
Cockroach Janta Party: कैसे शुरू हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस अनोखी पार्टी की शुरुआत 16 मई को अभिजीत दीपके ने की। बताया जा रहा है कि भारत के मुख्य न्यायाधीश से जुड़े एक वायरल बयान के बाद सोशल मीडिया पर बेरोजगार युवाओं को लेकर मीम्स और प्रतिक्रियाएं आने लगीं। इसी माहौल में कॉकरोच जनता पार्टी नाम सामने आया और देखते ही देखते यह इंटरनेट सेंसेशन बन गया। पार्टी की वेबसाइट पर खुद को आलसी और बेरोजगार लोगों की आवाज बताया गया है। यही वजह है कि यह नाम युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो गया।

सोशल मीडिया पर हजारों मीम्स और रील्स इस पार्टी के नाम से वायरल हो रहे हैं। लोग मजाकिया अंदाज में खुद को पार्टी का नेता, प्रवक्ता और कार्यकर्ता बताते नजर आ रहे हैं। कई कंटेंट क्रिएटर्स ने इसे लेकर वीडियो बनाए हैं, जिन्हें लाखों व्यूज मिल रहे हैं। इंटरनेट यूजर्स का कहना है कि यह सिर्फ मजाक नहीं बल्कि युवाओं की बेरोजगारी और राजनीति को लेकर सोच का एक नया डिजिटल एक्सप्रेशन भी बन चुका है। कॉकरोच जनता पार्टी का मेनिफेस्टो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। पार्टी खुद को सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक और लेजी बताती है। इसके कुछ वादे लोगों का ध्यान खींच रहे हैं, जैसे…
• रिटायरमेंट के बाद चीफ जस्टिस को राज्यसभा सीट न देने की बात
• संसद में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण
• पार्टी बदलने वाले नेताओं पर 20 साल तक चुनाव लड़ने पर रोक
इन बयानों को लेकर सोशल मीडिया पर बहस भी शुरू हो गई है। कई लोग इसे व्यंग्य के जरिए राजनीति पर टिप्पणी मान रहे हैं।
कौन हैं अभिजीत दीपके?
अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) के रहने वाले बताए जाते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वह एक पॉलिटिकल कम्युनिकेशन स्ट्रेटेजिस्ट हैं। उन्होंने पुणे से जर्नलिज्म की पढ़ाई की और बाद में अमेरिका की Boston University से पब्लिक रिलेशंस में मास्टर डिग्री हासिल की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह 2020 से 2022 के बीच आम आदमी पार्टी की सोशल मीडिया टीम से भी जुड़े रहे हैं। इसके अलावा दिल्ली शिक्षा विभाग में कम्युनिकेशन एडवाइजर के तौर पर भी काम कर चुके हैं।

लेकिन अब चर्चा है कि कॉकरोच जनता पार्टी केवल एक वायरल ट्रेंड नहीं, बल्कि सोशल मीडिया दौर की नई राजनीतिक व्यंग्य संस्कृति का हिस्सा बन चुकी है। जिस तरह युवा मीम्स और डिजिटल कंटेंट के जरिए अपनी बात रख रहे हैं, उससे साफ है कि इंटरनेट अब केवल मनोरंजन नहीं बल्कि राजनीतिक अभिव्यक्ति का भी बड़ा मंच बनता जा रहा है।








