Home » राष्ट्रीय » देवरिया में सीएम योगी बोले- हम समस्याएं नहीं समाधान देते हैं

देवरिया में सीएम योगी बोले- हम समस्याएं नहीं समाधान देते हैं

CM Yogi

CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को देवरिया में 655 करोड़ रुपये की लागत वाली 19 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनकी सरकार समस्याओं को बढ़ाने वाली नहीं, बल्कि समाधान देने वाली सरकार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता विकास और सुशासन के आधार पर भारतीय जनता पार्टी को लगातार समर्थन दे रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब विकास की यह रफ्तार रुकने वाली नहीं है।

विकास परियोजनाओं से बदलेगा पूर्वांचल का स्वरूप

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देवरिया से लेकर बलिया और कुशीनगर तक सड़क और कनेक्टिविटी परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। देवरिया-कसया फोरलेन मार्ग, बाईपास और अन्य पुलों के निर्माण से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि यह मार्ग पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे और अन्य प्रमुख शहरों से जुड़कर विकास को नई दिशा देगा। उन्होंने कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही को निर्देश देते हुए कहा कि कुशीनगर में बन रहे कृषि विश्वविद्यालय को नए शैक्षणिक सत्र से शुरू करने की तैयारी की जाए, ताकि किसानों को आधुनिक खेती और तकनीक का लाभ मिल सके।

CM Yogi: कानून व्यवस्था और बुनियादी ढांचे पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में अराजकता और माफियाओं का बोलबाला था, लेकिन आज उत्तर प्रदेश की पहचान बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि “वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया” की जगह अब “वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज” और “वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट” ने ले ली है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां सुरक्षित हैं, व्यापारी बेखौफ होकर व्यापार कर रहे हैं और प्रदेश में निवेश का माहौल मजबूत हुआ है। देवरिया में मेडिकल कॉलेज और नए जिला अस्पताल जैसी परियोजनाएं प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करेंगी।

किसानों, युवाओं और गरीबों के लिए योजनाएं

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि किसानों को गन्ने का बेहतर मूल्य दिया जा रहा है और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से उन्हें लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि आईटीआई संस्थानों को कौशल विकास केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि गरीबों को बिना भेदभाव आवास, राशन और उज्ज्वला योजना जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही शिक्षकों, अनुदेशकों और रसोइयों को भी कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा से जोड़ा गया है।

CM Yogi: सांस्कृतिक विरासत और नई पहचान का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की पहचान पूरे देश और दुनिया में बदल चुकी है। उन्होंने अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन और कुशीनगर का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का केंद्र बन चुका है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर जनता के समर्थन और डबल इंजन सरकार के संकल्प का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने जनता से विकास और सुशासन के लिए आगे भी भाजपा को समर्थन देने की अपील की।

ये भी पढ़ें…ईरान तेजी से अपनी सैन्य क्षमता बढ़ा रहा है, फिर से बनाने लगा ड्रोन 

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments