Up electricity crisis: लखनऊ में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती ने सरकार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शहर के कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहने से लोगों का गुस्सा सड़कों पर दिखाई दे रहा है। जगह-जगह प्रदर्शन और सड़क जाम की घटनाएं सामने आ रही हैं। आम जनता के साथ-साथ जनप्रतिनिधि भी बिजली विभाग के अधिकारियों पर सवाल उठा रहे हैं। बढ़ते बिजली संकट को देखते हुए सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। विभिन्न जिलों से 44 अधिशासी अभियंताओं का ट्रांसफर कर उन्हें लखनऊ के अलग-अलग बिजली उपकेंद्रों पर तैनात किया गया है। सरकार की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि प्रशासनिक आवश्यकता को देखते हुए यह तैनाती तत्काल प्रभाव से की जा रही है, ताकि बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
बिजली मंत्री एके शर्मा ने क्या कहा?
ऊर्जा मंत्री A. K. Sharma ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन भीषण गर्मी के दौरान लोगों को अधिकतम बिजली उपलब्ध कराने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने बताया कि 21 मई 2026 को दोपहर में लगभग 29,493 मेगावाट बिजली की आपूर्ति की गई थी, जबकि 22 मई की सुबह 3:19 बजे बिजली की मांग 30,276 मेगावाट तक पहुंच गई। उन्होंने यह भी कहा कि शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे तक बिजली की मांग बढ़कर 30,357 मेगावाट हो गई, जो पिछले साल के मुकाबले काफी ज्यादा है। मंत्री के अनुसार, रात के पीक ऑवर्स में बिजली की मांग 32 से 33 हजार मेगावाट तक पहुंच रही है। ऊर्जा एक्सचेंजों में बिजली की कमी के बावजूद राज्य सरकार अलग-अलग स्रोतों से बिजली खरीदकर आपूर्ति बनाए रखने की कोशिश कर रही है।
Up electricity crisis: सड़क जाम करने पर 150 अज्ञात लोगों पर केस
लखनऊ में बिजली संकट को लेकर विरोध प्रदर्शन भी तेज हो गए हैं। उतरेटिया अंडरपास पर लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया। PGI थाने में 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि सड़क जाम होने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
Up electricity crisis: बीजेपी विधायक राजेश्वर सिंह ने उठाए सवाल
सरोजिनी नगर से बीजेपी विधायक Rajeshwar Singh ने भी बिजली व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने ऊर्जा मंत्री को 10 पन्नों का पत्र लिखकर बिजली वितरण व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की। पत्र में उन्होंने लगातार बिजली कटौती, लो वोल्टेज, ट्रांसफॉर्मर खराब होने और फीडर ट्रिपिंग जैसी समस्याओं का जिक्र किया। विधायक ने कहा कि ये समस्याएं कई सालों से बनी हुई हैं, लेकिन इस बार भीषण गर्मी के कारण हालात और खराब हो गए हैं। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र के कई इलाकों में गंभीर बिजली संकट की बात भी उठाई।
गर्मी बढ़ने से और बढ़ सकती है परेशानी
Up electricity crisis: मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। ऐसे में बिजली की मांग में भी इजाफा होने की संभावना है। सरकार और बिजली विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती अब लगातार बिजली आपूर्ति बनाए रखने की है।
ये भी पढ़ें: IAS माता-पिता के बच्चों को क्यों चाहिए आरक्षण? सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी ने छेड़ी नई बहस








