Maharshtra news: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में नकली करेंसी नोटों के बड़े रैकेट का पुलिस ने खुलासा किया है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नकली नोट, हाईटेक कलर प्रिंटर, कंप्यूटर इक्विपमेंट, बॉन्ड पेपर और नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान जब्त किया है। इस मामले में चार संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
ATM में जमा हुए नकली नोटों से खुला राज
जानकारी के मुताबिक, 15 मई 2026 को Bank of Maharashtra गढ़चिरौली शाखा के मैनेजर प्रतीक बाबाराव अनस की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि बैंक के ATM जमा मशीन में 100-100 रुपये के 21 नकली नोट जमा किए गए थे। जब ATM के CCTV फुटेज की जांच की गई तो पता चला कि 11 मई को प्रमोद टीकाराम कोवे नाम के युवक ने नकली नोट मशीन में जमा किए थे। आरोपी प्रमोद, चंद्रपुर जिले के हलदा गांव का रहने वाला है। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि उसे ये नकली नोट आदित्य जनार्दन रेचनकर नाम के युवक ने दिए थे।
Maharshtra news: नागपुर से जुड़ा नकली नोटों का कनेक्शन
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आदित्य रेचनकर, नागपुर में रहने वाले ‘चिटू’ नाम के व्यक्ति से नकली नोट लेकर आ रहा था। इसके बाद गढ़चिरौली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर नागपुर में दबिश दी।
फ्लैट पर छापा, भारी मात्रा में सामान बरामद
Maharshtra news: तकनीकी जांच और आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने नागपुर के त्रिमूर्ति नगर इलाके में स्थित एक फ्लैट पर छापा मारा। यहां से नकली नोट बनाने में इस्तेमाल होने वाले हाईटेक प्रिंटर, बॉन्ड पेपर, कटर, कंप्यूटर उपकरण और आधे छपे हुए नकली नोट बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि यह पूरा नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय हो सकता है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़ें: IAS माता-पिता के बच्चों को क्यों चाहिए आरक्षण? सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी ने छेड़ी नई बहस








