Jharkhand news: झारखंड के लोगों को भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने 24 मई से अगले छह दिनों तक राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ आंधी-तूफान, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। रविवार को खासतौर पर धनबाद समेत उत्तर-पूर्वी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार 24 से 29 मई के बीच राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही कई जगहों पर गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। IMD ने बताया कि 24 और 25 मई को उत्तर-पूर्वी और आसपास के मध्य हिस्सों के 13 जिलों में बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की गई है। वहीं 25 और 26 मई को 17 जिलों में मौसम खराब रह सकता है।
Jharkhand news: रांची मौसम केंद्र ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
IMD रांची के डिप्टी डायरेक्टर अभिषेक आनंद ने कहा कि अगले कुछ दिनों तक आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। उन्होंने बताया कि अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने रविवार के लिए सात उत्तर-पूर्वी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं सोमवार को तीन उत्तर-पश्चिमी जिलों में हीटवेव का अलर्ट भी जारी किया गया है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
Jharkhand news: धनबाद में सबसे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड
पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश धनबाद जिले के कलियासोल में रिकॉर्ड की गई। यहां 40.2 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा पाकुड़ के अमरापारा में 16 मिमी बारिश दर्ज की गई।
इन जिलों में सबसे ज्यादा गर्मी
Jharkhand news: राज्य में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में पलामू जिले के डाल्टनगंज में सबसे ज्यादा 44.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं बोकारो थर्मल में 41.5 डिग्री और सारिकेला में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ये भी पढ़ें: बंगाल में बकरीद की छुट्टी पर बड़ा यू-टर्न, अब सिर्फ 1 दिन बंद रहेंगे सरकारी दफ्तर








