North kannad: कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। भटकल तालुका के तत्तिहक्लू इलाके के पास वेंकटपुरा नदी में सीपियां इकट्ठा करने उतरे 14 लोग अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए। हादसे में 7 महिलाओं समेत 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग अब भी लापता हैं। राहत की बात यह रही कि 3 महिलाओं को सुरक्षित बचा लिया गया। जानकारी के मुताबिक, सभी लोग सरदाहोल गांव के रहने वाले थे और रोज की तरह नदी में सीपियां इकट्ठा करने पहुंचे थे। सुबह करीब 10:30 बजे जब ये लोग नदी में उतरे, तब पानी का स्तर घुटनों तक था। लेकिन कुछ ही देर में नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और तेज बहाव में कई लोग फंस गए।
अचानक बढ़े पानी ने ली जान
स्थानीय लोगों के अनुसार, नदी में अचानक पानी बढ़ने से लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते कई लोग बहने लगे। मौके पर मौजूद मछुआरों और ग्रामीणों ने तुरंत बचाव शुरू किया, लेकिन तब तक बड़ा हादसा हो चुका था।
North kannad: 3 लोग अब भी लापता
उत्तर कन्नड़ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अब तक 8 शव बरामद किए जा चुके हैं। मृतकों में 7 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं। वहीं 3 लोग अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
North kannad: मछुआरों ने बचाईं तीन जानें
हादसे के बाद सबसे पहले स्थानीय मछुआरे मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने नदी में फंसी तीन महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी घायलों को पहले भटकल सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए मणिपाल अस्पताल रेफर किया गया।
मुख्यमंत्री सिद्धरामैया ने किया मुआवजे का ऐलान
North kannad: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरामैया ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। साथ ही मत्स्य पालन मंत्री मानकल वैद्य को मुआवजा प्रक्रिया की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें: मां के प्रेमी की हत्या कर जंगल में दफनाया शव, एक महीने बाद चतरा पुलिस ने किया खुलासा








