Home » राजनीति » PM मोदी का दावा- मेरी अपील पर लोगों ने कम खरीदा सोना, देश का पैसा बचा और दाम भी गिरे

PM मोदी का दावा- मेरी अपील पर लोगों ने कम खरीदा सोना, देश का पैसा बचा और दाम भी गिरे

PM Modi:

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कहा कि एक साल पहले उनके द्वारा सोना नहीं खरीदने की अपील का लोगों पर असर हुआ। देशवासियों ने कम सोना खरीदा, जिससे देश का पैसा बचा और सोने की कीमतों में भी गिरावट आई। उन्होंने यह बात इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह के दौरान कही। प्रधानमंत्री ने अखिल भारतीय व्यवसाय परीक्षा (AITT) 2026 में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 52 शीर्ष प्रतिभागियों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को कौशल विकास और हुनर के महत्व के बारे में भी बताया।

PM Modi: ‘मेरी अपील पर देशवासियों ने कम खरीदा सोना’

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने एक साल पहले देशवासियों से अपील की थी कि यदि बहुत जरूरी न हो तो एक साल तक सोना खरीदने से बचें। उन्होंने कहा, “मेरे जैसे सामान्य व्यक्ति ने यह बात कही और देशवासियों ने गोल्ड कम खरीदा। इससे देश का पैसा बचा और सोने के दाम भी टूट गए।” उन्होंने कहा कि देश के लोगों ने उनकी अपील को समझा और उसका पालन किया। प्रधानमंत्री ने इस दौरान एक बार फिर बदलते समय और कौशल की बढ़ती अहमियत पर जोर दिया।

PM Modi: PM मोदी-डिग्री से ज्यादा हुनर की होगी कद्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले समय में कौशल और हुनर रखने वाले लोगों की मांग तेजी से बढ़ेगी। उन्होंने कहा, “वक्त बदल रहा है। कागजी सर्टिफिकेट लेकर, कोट-पेंट और टाई पहनकर घूमने वाले लोगों से ज्यादा हुनर वालों की कदर होने वाली है। जिसके पास कौशल है, जिसके पास हुनर है, उसकी मांग बढ़ने वाली है।” पीएम मोदी ने युवाओं से अपने कौशल को मजबूत बनाने और व्यावहारिक प्रशिक्षण पर ध्यान देने का आह्वान किया।

विदेशी आक्रांताओं ने सबसे पहले कौशल पर किया हमला

प्रधानमंत्री ने भारत के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि जब विदेशी आक्रांता भारत आए तो देश अपने स्वर्णिम युग और समृद्धि के कारण आकर्षण का केंद्र था। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत की ताकत को कमजोर करने के लिए सबसे पहले यहां के कौशल और हुनर को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि इतिहास में ऐसे उदाहरण मिलते हैं, जब बेहतरीन चीजें बनाने वाले कारीगरों के अंगूठे काट दिए जाते थे। ऐसा इसलिए किया जाता था, क्योंकि भारत की समृद्धि और महानता के पीछे यहां के लोगों का हुनर था। पीएम मोदी ने आगे कहा कि बाद में अंग्रेजों ने भी भारत की इस व्यवस्था को कमजोर करने के लिए अपने तरीके अपनाए।

यह भी पढ़े- एक मंच पर CM विजय, रजनीकांत और एमके स्टालिन, अनिरुद्ध-काव्या के रिसेप्शन की तस्वीरें वायरल