Shakti Didi: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘शक्ति दीदी’ पहल लगातार सफल होती जा रही है। इस योजना के तहत अब तक 118 महिलाओं को पेट्रोल पंपों पर ‘फ्यूल वर्कर’ के रूप में रोजगार दिया जा चुका है। हाल ही में कलेक्टर रुचिका चौहान ने छह और जरूरतमंद महिलाओं को इस पहल से जोड़ा है।
महिलाओं को मिला रोजगार और सम्मान
‘शक्ति दीदी’ योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर, परित्यक्ता और घरेलू समस्याओं से जूझ रही महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराना है। योजना से जुड़ी महिलाओं का कहना है कि नौकरी मिलने के बाद उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में काफी सुधार आया है। एक महिला कर्मचारी ने बताया कि लंबे समय तक प्रयास करने के बावजूद उन्हें कहीं रोजगार नहीं मिला था, लेकिन अब पेट्रोल पंप पर काम मिलने से वह अपने बच्चों की पढ़ाई और परिवार की जरूरतें बेहतर तरीके से पूरी कर पा रही हैं।
Shakti Didi: 57 पेट्रोल पंपों पर काम कर रहीं महिलाएं
ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि इस पहल की शुरुआत 2 जनवरी 2025 को केवल पांच महिलाओं के साथ की गई थी। अब यह संख्या बढ़कर 118 हो चुकी है और महिलाएं 57 पेट्रोल पंपों पर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि शुरुआत में पेट्रोल पंप संचालकों को महिलाओं की कार्यक्षमता को लेकर संदेह था, लेकिन अब महिलाएं जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ अपना काम संभाल रही हैं। पेट्रोल पंप संचालकों से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान
महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी पेट्रोल पंपों को स्थानीय पुलिस थानों से जोड़ा गया है। इसके लिए विशेष व्हाट्सएप समूह भी बनाए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद मिल सके। कलेक्टर ने बताया कि योजना से जुड़ी महिलाओं को अच्छा वेतन, साप्ताहिक अवकाश और सुरक्षित कार्य वातावरण जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं को केवल रोजगार ही नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और आत्मविश्वास भी दे रही है।
ये भी पढ़ें…कोलकाता में टीएमसी कार्यालय से मिले कई आधार कार्ड, पुलिस जांच में जुटी








