Hanwha Plant Blast: हनव्हा ग्रुप की डिफेंस कंपनी हनव्हा एयरोस्पेस ने मंगलवार को जानकारी दी कि उसके डेजॉन प्लांट में आंशिक रूप से उत्पादन रोक दिया गया है। यह फैसला एक जानलेवा विस्फोट के बाद लिया गया है।कंपनी ने अपनी रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि दक्षिण कोरिया के श्रम अधिकारियों ने सुरक्षा कानूनों के तहत इस फैक्ट्री में काम बंद करने का आदेश दिया है। इस घटना को एक गंभीर कार्यस्थल दुर्घटना माना जा रहा है।
विस्फोट में 5 लोगों की मौत, 2 घायल
योनहाप समाचार एजेंसी के अनुसार, यह प्लांट डेजॉन से लगभग 140 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है। यहां हुए विस्फोट में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हुए हैं।इस हादसे के बाद पुलिस ने जांच के लिए एक संयुक्त टीम बनाई है। फिलहाल घटना के सही कारण की जांच की जा रही है।
कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के समय कर्मचारी उन औजारों की सफाई कर रहे थे, जिनमें प्रोपेलेंट पाउडर (रॉकेट ईंधन जैसा ज्वलनशील पदार्थ) के अवशेष मौजूद थे। यही पदार्थ रॉकेट और मिसाइल सिस्टम में इस्तेमाल होता है।अब जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आग या विस्फोट कैसे शुरू हुआ और क्या ज्वलनशील पदार्थों को ठीक से सुरक्षित रखा गया था या नहीं।

डेजॉन प्लांट की अहम भूमिका
बता दे, डेजॉन प्लांट को एक बेहद महत्वपूर्ण रक्षा केंद्र माना जाता है और इसे “गुप्त रक्षा फैक्ट्री” का दर्जा मिला हुआ है। यहां कई हथियार बनाए जाते हैं, जिनमें ‘चुनमू’ मल्टीपल रॉकेट लॉन्चर और लंबी दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली L-SAM मिसाइल प्रणाली शामिल हैं।
कंपनी के अनुसार, इस फैक्ट्री की प्रभावित उत्पादन लाइन ने पिछले साल लगभग 1.32 ट्रिलियन वॉन (करीब 870 मिलियन डॉलर) का राजस्व दिया था। यह कंपनी की कुल कमाई का लगभग 4.94 प्रतिशत हिस्सा है।
Hanwha Plant Blast: DAPA की मदद और टास्क फोर्स
दक्षिण कोरिया की रक्षा खरीद एजेंसी डिफेंस एक्विजिशन प्रोग्राम एडमिनिस्ट्रेशन (DAPA) ने मंगलवार को कहा कि वह जांच में मदद के लिए अपने जुड़े संस्थानों को तकनीकी सहायता देगी।एजेंसी ने स्थिति को संभालने के लिए एक टास्क फोर्स भी बनाई है। यह कदम सोमवार को हुए विस्फोट और आग की घटना के बाद उठाया गया है।
DAPA के प्रवक्ता किम जू-चुल ने प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि जरूरत पड़ने पर जांच में विशेषज्ञों और तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया जाएगा।इसमें एजेंसी फॉर डिफेंस डेवलपमेंट और डिफेंस एजेंसी फॉर टेक्नोलॉजी एंड क्वॉलिटी जैसे विशेषज्ञ संस्थान भी शामिल होंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि उच्च सुरक्षा वाले रक्षा उद्योग की फैक्ट्रियों में निरीक्षण को लेकर उठ रही चिंताओं के बावजूद, हर साल संबंधित कानूनों के तहत नियमित सुरक्षा जांच की जाती है।








