Home » नई दिल्ली » दिल्ली के उस्मानपुर में नाबालिग अभिषेक की चाकू मारकर हत्या, CCTV में घटना कैद

दिल्ली के उस्मानपुर में नाबालिग अभिषेक की चाकू मारकर हत्या, CCTV में घटना कैद

उस्मानपुर में नाबालिग अभिषेक की चाकू मारकर हत्या

Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका ताजा उदाहरण न्यू उस्मानपुर इलाके में देखने को मिला। यहां सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे 17 वर्षीय अभिषेक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि 12 से 15 बदमाशों ने पहले उसे घर से बुलाया और फिर सुनियोजित तरीके से चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया।

CCTV कैमरे में पूरी वारदात कैद

जानकारी के मुताबिक, घटना से पहले दो युवक अभिषेक को उसके घर से बुलाकर पास स्थित नाले के किनारे ले गए, जहां कई अन्य युवक पहले से मौजूद थे। घटनास्थल पर लगे CCTV कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई है। फुटेज में देखा जा सकता है कि अभिषेक को कई लड़कों ने चारों ओर से घेर रखा है और बातचीत के दौरान अचानक एक युवक उस पर चाकू से हमला कर देता है।

हमले के बाद अभिषेक जान बचाने के लिए पास की गली में भागा, लेकिन आरोपी उसका पीछा करते रहे। बदमाशों ने लगातार चाकुओं से वार किए और तब तक हमला जारी रखा जब तक वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर नहीं गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अभिषेक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश वजह हो सकती है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है। एक ही दिन में राजधानी में गोलीबारी, चाकूबाजी और हत्या की कई घटनाओं ने दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। न्यू उस्मानपुर की यह वारदात इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर गई है।

ये भी पढ़े… सूर्य हत्याकांड पर सख्त रुख अपनाते हुए दो टूक बोले CM योगी- ‘दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी बर्दाश्त नहीं, सुधर जाओ वरना…’