Home » उत्तर प्रदेश » सूर्या मर्डर के बाद गाजियाबाद में बड़ा एक्शन! 3 अवैध मदरसे चिन्हित, 2 सील, 1600 हिस्ट्रीशीटर रडार पर

सूर्या मर्डर के बाद गाजियाबाद में बड़ा एक्शन! 3 अवैध मदरसे चिन्हित, 2 सील, 1600 हिस्ट्रीशीटर रडार पर

SURYA CASE OPERATION CLEAN: गाजियाबाद में सूर्या हत्याकांड के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जिलेभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन” के तहत अवैध गतिविधियों, संदिग्ध संस्थानों और अपराधियों के खिलाफ व्यापक अभियान जारी है।

इसी क्रम में खोड़ा क्षेत्र के लोकप्रिय विहार में संचालित मदरसा रहमानिया अरबिया पासीमुल पर प्रशासन ने सीलिंग की कार्रवाई की है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी द्वारा जारी नोटिस के अनुसार जांच में मदरसा बिना मान्यता और आवश्यक स्वीकृतियों के संचालित पाया गया।

जांच में मिलीं कई अनियमितताएं

प्रशासनिक जांच के दौरान मदरसे का वैध पंजीकरण, संचालन की अनुमति, सोसायटी का जीवित पंजीकरण प्रमाण-पत्र, अग्निशमन विभाग और विद्युत सुरक्षा विभाग की अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) उपलब्ध नहीं पाए गए। अधिकारियों के मुताबिक सुरक्षा मानकों का पालन न होने के कारण तत्काल कार्रवाई करते हुए परिसर को सील कर दिया गया। स्थानीय प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार बिजली व्यवस्था में भी अनियमितताओं की शिकायत सामने आई है। बिजली मीटर और विद्युत कनेक्शन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

SURYA CASE OPERATION CLEAN:  अब तक तीन अवैध मदरसे चिन्हित

ऑपरेशन क्लीन के तहत अब तक गाजियाबाद में तीन मदरसे अवैध रूप से संचालित पाए गए हैं। इनमें से दो संस्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई की जा चुकी है, जबकि अन्य मामलों की जांच जारी है। कार्रवाई के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया था।

1600 हिस्ट्रीशीटरों पर निगरानी

वहीं अपराध नियंत्रण को लेकर भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। गाजियाबाद पुलिस ने जिले के लगभग 1600 हिस्ट्रीशीटरों को चिन्हित किया है, जिनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सत्यापन अभियान, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

SURYA CASE OPERATION CLEAN: जीरो टॉलरेंस नीति पर जोर

गाजियाबाद पुलिस और प्रशासन का कहना है कि योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऑपरेशन क्लीन आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्थान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि इस पूरी कार्रवाई के दौरान खबर इंडिया की टीम मौके पर मौजूद रही और ग्राउंड रिपोर्टिंग के जरिए अभियान की गतिविधियों को लेकर लगातार रिपोर्टिंग कर रही है । स्थानीय स्तर पर इसे हाल के समय का सबसे बड़ा प्रशासनिक अभियान माना जा रहा है।

आगे की खबर अपडेट की जा रही है …

ये भी पढ़े… क्या हमेशा काम में व्यस्त रहना सही है? जानिए इसके शरीर और दिमाग पर पड़ने वाले असर