Virat Kohli Injury: भारतीय क्रिकेट टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली आगामी वनडे सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली तीन मैचों की इस वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज की शुरुआत 13 जून से होने जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विराट कोहली इस समय हैमस्ट्रिंग इंजरी से परेशान हैं। इसी चोट के कारण वह अफगानिस्तान के खिलाफ तीनों वनडे मुकाबलों से बाहर रह सकते हैं। हालांकि अभी तक यह जानकारी सामने नहीं आई है कि उन्हें यह चोट कब और किस दौरान लगी।
बताया जा रहा है कि कोहली को यह चोट आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले के दौरान लगी हो सकती है, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस आमने-सामने थीं। हालांकि इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रोहित शर्मा की फिटनेस पर भी सवाल
विराट कोहली की अनुपस्थिति भारतीय टीम के लिए और भी बड़ी चिंता इसलिए बन गई है क्योंकि कप्तान रोहित शर्मा भी चोट से जूझ रहे हैं। उनके अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में खेलने को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या दोनों को वनडे टीम में शामिल किया गया है, लेकिन अंतिम चयन से पहले उन्हें फिटनेस टेस्ट पास करना होगा। ऐसे में टीम प्रबंधन की नजर दोनों खिलाड़ियों की फिटनेस रिपोर्ट पर रहेगी।

Virat Kohli Injury: कब और कहां होंगे मुकाबले?
भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का पहला मैच 13 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा।इसके बाद दूसरा मुकाबला 17 जून को लखनऊ में आयोजित होगा।सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच 20 जून को चेन्नई के एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
आईपीएल 2026 में विराट कोहली का बल्ला जमकर बोला। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए रन बनाने के मामले में चौथा स्थान हासिल किया।कोहली ने 16 मैचों में लगभग 165 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए कुल 675 रन बनाए। वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे और टीम को खिताब दिलाने में उनकी भूमिका बेहद अहम रही।
फाइनल में खेली थी यादगार पारी
गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले में विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने सिर्फ 42 गेंदों में नाबाद 75 रन बनाए और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
खिताबी मुकाबले में कोहली ने अपने आईपीएल करियर का सबसे तेज अर्धशतक भी लगाया, जिसे पूरा करने के लिए उन्होंने केवल 25 गेंदों का सामना किया। इसके अलावा उन्होंने विजयी छक्का लगाकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनाने में अहम योगदान दिया।








