Rekha Gupta: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दिल्ली में पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के लिए बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधे लगाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर दिल्ली को स्वच्छ और हरित बनाने के संकल्प को दोहराया गया।
18 नमो ऑक्सीजन पार्कों के लिए विशेष अभियान
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में 18 नमो ऑक्सीजन पार्कों के विकास के लिए व्यापक पौधरोपण अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के मार्गदर्शन में दिल्ली को स्वच्छ और हरित राजधानी बनाने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने इसे दिल्ली के पर्यावरणीय भविष्य के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए नागरिकों से भी इस अभियान में भागीदारी की अपील की।
Rekha Gupta: सौ ऑक्सीजन वन बनाने का लक्ष्य
दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि नमो ऑक्सीजन पार्कों में लाखों ऐसे पौधे लगाए जा रहे हैं जो दिल्ली की जलवायु और वातावरण के अनुकूल हैं। उन्होंने कहा कि राजधानी में सौ ऑक्सीजन वन विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उनके अनुसार यह पहल वायु गुणवत्ता सुधारने, हरित क्षेत्र बढ़ाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जनआंदोलन बन रहा पौधरोपण अभियान
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान अब जनआंदोलन का रूप ले चुका है। देशभर में लाखों लोग पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दे रहे हैं। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल और विधायक सतीश उपाध्याय ने भी लोगों से पौधे लगाने, जल संरक्षण करने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और नदियों की रक्षा करने का आह्वान किया। मालवीय नगर में एक हादसे की स्मृति में 21 पौधे लगाने की भी घोषणा की गई। नेताओं ने कहा कि पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो मानव जीवन भी सुरक्षित रहेगा।
ये भी पढ़ें…कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन पर दिल्ली हाईकोर्ट सख्त, तत्काल सुनवाई से किया इनकार








