Bhopal Fire News: राजधानी भोपाल के लालघाटी इलाके में स्थित एलर कॉम्प्लेक्स में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की 8 दमकलें और तीन वाटर टैंकर मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
गार्ड ने देखा धुआं, फिर मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, आग का पता सुबह करीब 7 बजे उस समय चला जब पास की इमारत के एक गार्ड ने कॉम्प्लेक्स की खिड़की से धुआं निकलता देखा। शुरुआत में उसे लगा कि यह रेस्टोरेंट के किचन से उठने वाला सामान्य धुआं है, लेकिन कुछ देर बाद लपटें दिखाई देने पर उसने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
Bhopal Fire News: भोज इन रेस्टोरेंट से शुरू हुई आग
एलर कॉम्प्लेक्स में कुल छह रेस्टोरेंट संचालित हैं। आग अनूप रिजवानी के ‘भोज इन’ रेस्टोरेंट में लगी, जो तेजी से पूरे हिस्से में फैल गई। कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में ‘बापू की कुटिया’ और ग्राउंड फ्लोर पर ‘डोमिनोज’ सहित कई अन्य दुकानें भी मौजूद हैं।

Bhopal Fire News: दीवार तोड़कर अंदर पहुंचे दमकलकर्मी
आग की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम ने दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
फायर ऑफिसर सौरभ पटेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। घटना के समय रेस्टोरेंट बंद था और अंदर कोई मौजूद नहीं था। रेस्टोरेंट में फायर एक्सटिंग्विशर भी उपलब्ध थे।
फायर सेफ्टी की होगी जांच
फायर विभाग अब कॉम्प्लेक्स की सुरक्षा व्यवस्था और विद्युत सिस्टम की विस्तृत जांच करेगा। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग से रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को काफी नुकसान पहुंचा है।
यह भी पढे़ : 10 राउंड फायरिंग कर भागा युवक, पुलिस ने घेरा तो सड़क पर किया हंगामा, दरोगा से भी हुई धक्का-मुक्की








