Home » Breaking News » इंडिया ब्लॉक की बैठक में खड़गे का बड़ा संदेश, बोले- विपक्षी एकता को और मजबूत करना होगा

इंडिया ब्लॉक की बैठक में खड़गे का बड़ा संदेश, बोले- विपक्षी एकता को और मजबूत करना होगा

INDIA Bloc Meeting: दिल्ली में आयोजित इंडिया ब्लॉक की महत्वपूर्ण बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) ने विपक्षी दलों से एकजुटता को और मजबूत करने का आह्वान किया। बैठक में कांग्रेस, टीएमसी समेत कई विपक्षी दलों के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। खड़गे ने कहा कि देश के सामने खड़ी राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक और विदेश नीति से जुड़ी चुनौतियों का सामना करने के लिए विपक्षी एकता को और सशक्त बनाना होगा।

विपक्षी एकजुटता का किया उल्लेख

बैठक की शुरुआत में सभी नेताओं का स्वागत करते हुए खड़गे ने कहा कि इंडिया गठबंधन लगभग तीन वर्ष पहले अस्तित्व में आया था और इस दौरान विपक्ष ने कई मुद्दों पर एकजुट होकर अपनी ताकत दिखाई है। उन्होंने कहा कि 17 अप्रैल को लोकसभा में विपक्ष ने एकजुटता का परिचय देते हुए केंद्र सरकार के परिसीमन (डिलिमिटेशन) से जुड़े प्रस्तावों का मजबूती से विरोध किया था।

INDIA Bloc Meeting: केंद्र सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि देश में संविधान पर लगातार हमला हो रहा है और जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों को डराने और परेशान करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गैर-भाजपा शासित राज्यों के साथ भेदभाव किया जा रहा है और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बढ़ रहा है।

महंगाई और रोजगार का मुद्दा उठाया

खड़गे ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जबकि आर्थिक माहौल चिंताजनक बना हुआ है। उन्होंने दावा किया कि नए निवेश और रोजगार सृजन की रफ्तार अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच रही है। साथ ही एमएसएमई क्षेत्र के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी हैं।

INDIA Bloc Meeting: युवाओं और परीक्षा प्रणाली पर चिंता

उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों के कारण लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। युवाओं की उम्मीदों और आकांक्षाओं को नुकसान पहुंच रहा है, जो चिंता का विषय है।

INDIA Bloc Meeting
                                                              INDIA Bloc Meeting

विदेश नीति और सामाजिक मुद्दों का भी जिक्र

खड़गे ने आरोप लगाया कि देश की विदेश नीति पारंपरिक मूल्यों से भटकती नजर आ रही है। उन्होंने समाज के कमजोर वर्गों पर अत्याचार और सामाजिक असमानताओं का मुद्दा भी उठाया तथा कहा कि इन विषयों पर विपक्ष को संयुक्त रूप से आवाज उठानी चाहिए।

INDIA Bloc Meeting: आगे की रणनीति पर होगी चर्चा

बैठक के अंत में खड़गे ने सभी दलों के नेताओं से अपने विचार रखने का आग्रह किया और कहा कि विपक्षी दल सामूहिक रूप से आगे की रणनीति तय करेंगे। उन्होंने संकेत दिया कि बैठक के बाद इंडिया ब्लॉक के नेता संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित करेंगे।

ये भी पढ़े… इंदौर में जुटेंगे ब्रिक्स देश, 5 दिन चलेगा कृषि महाकुंभ; खेती-किसानी के भविष्य पर होगा मंथन: शिवराज