Home » एक्सक्लूसिव » TMC में बड़ी टूट! 20 सांसदों ने NDA को समर्थन देने का दावा, ममता बनर्जी की बढ़ीं मुश्किलें

TMC में बड़ी टूट! 20 सांसदों ने NDA को समर्थन देने का दावा, ममता बनर्जी की बढ़ीं मुश्किलें

TMC MPs:

TMC MPs: पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के लिए बड़ा राजनीतिक संकट खड़ा होता नजर आ रहा है। विधायकों के बाद अब पार्टी के सांसदों में भी बगावत की खबरें सामने आ रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लोकसभा में TMC के 28 सांसदों में से 20 सांसदों ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को समर्थन देने का फैसला किया है। पूर्व TMC नेता और सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने दावा किया कि 20 सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र सौंपकर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। साथ ही उन्होंने लोकसभा में अलग बैठने की मांग भी की है।

शताब्दी रॉय के घर हुई बैठक

सूत्रों के अनुसार, बागी सांसदों की बैठक सांसद शताब्दी रॉय के आवास पर हुई। इस दौरान पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी भी वहां पहुंचे और सांसदों से मुलाकात की। इससे पहले 11 सांसदों ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के दिल्ली स्थित आवास पर भी बैठक की थी।

TMC MPs: रविवार रात हुई गुप्त बैठक

जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात दिल्ली में एक अज्ञात स्थान पर 20 सांसदों की अनौपचारिक बैठक हुई थी। बैठक में पार्टी नेतृत्व को लेकर असंतोष व्यक्त किया गया। बैठक की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पार्टी के भीतर हलचल और बढ़ गई।

TMC MPs: दल-बदल कानून लागू होगा या नहीं?

राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार, यदि 28 में से 20 सांसद अलग गुट बनाते हैं तो यह संख्या दो-तिहाई से अधिक होगी। ऐसी स्थिति में संविधान की दसवीं अनुसूची (दल-बदल विरोधी कानून) के तहत उनकी सदस्यता पर खतरा नहीं होगा।

TMC MPs: NDA की ताकत बढ़ेगी

अगर 20 सांसद आधिकारिक रूप से NDA का समर्थन करते हैं, तो लोकसभा में गठबंधन की संख्या 293 से बढ़कर 313 हो जाएगी। इससे सरकार को महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित कराने में अतिरिक्त मजबूती मिल सकती है।

सुखेंदु शेखर ने भी छोड़ी पार्टी

इसी बीच TMC के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सुखेंदु शेखर राय ने अपने पद और पार्टी दोनों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने त्यागपत्र में ममता बनर्जी के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी में लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हुई है।

बागी नेताओं ने नेतृत्व पर उठाए सवाल

बागी विधायक ऋतब्रत बनर्जी ने भी सुखेंदु शेखर की बातों का समर्थन किया है। उनका कहना है कि पार्टी में लंबे समय से असंतोष का माहौल है और कई नेता नेतृत्व शैली से नाराज हैं।

महुआ मोइत्रा का पलटवार

TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया पर बागी सांसदों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे जनता के जनादेश के साथ विश्वासघात कर रहे हैं। उन्होंने सांसद यूसुफ पठान को भी संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें अपने मतदाताओं के प्रति जवाबदेह होना चाहिए।

बंगाल की राजनीति में बढ़ी हलचल

लोकसभा और विधानसभा दोनों स्तरों पर पार्टी में बढ़ती बगावत ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। यदि सांसदों और विधायकों का यह असंतोष आगे भी जारी रहा तो पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

यह भी पढे़ : CM Mohan Majhi Helicopter Landing, खराब मौसम के चलते पुरी में उतारना पड़ा मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर