Home » मध्य प्रदेश » मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द, कांग्रेस का चुनाव आयोग पर हमला; दिल्ली-भोपाल में जोरदार विरोध

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द, कांग्रेस का चुनाव आयोग पर हमला; दिल्ली-भोपाल में जोरदार विरोध

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द, कांग्रेस नाराज

Meenakshi Nomination: मध्य प्रदेश से राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने के खिलाफ कांग्रेस आज दिल्ली और भोपाल में चुनाव आयोग के कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग करेगी।इससे पहले मंगलवार को कांग्रेस नेताओं ने दोनों शहरों में चुनाव आयोग के दफ्तरों के बाहर विरोध प्रदर्शन और धरना दिया था। इसके बाद भारत निर्वाचन आयोग ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को आज (10 जून) सुबह 11 बजे मिलने का समय दिया है।

भाजपा की आपत्ति के बाद नामांकन हुआ रद्द

मंगलवार को भाजपा द्वारा दर्ज कराई गई आपत्ति के बाद मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त कर दिया गया। भाजपा का आरोप है कि उन्होंने अपने शपथ पत्र में हैदराबाद की एक अदालत में चल रहे लंबित मामले की जानकारी नहीं दी थी।वहीं, कांग्रेस ने इस फैसले का कड़ा विरोध करते हुए इसे “लोकतंत्र की हत्या” और “सीट चोरी” करार दिया है।

Meenakshi Nomination:  मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द, कांग्रेस नाराज
मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द, कांग्रेस नाराज

Meenakshi Nomination: देर रात CEO कार्यालय पहुंचे कांग्रेस नेता

मंगलवार रात करीब 10 बजे कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और विधायक भोपाल स्थित मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) कार्यालय पहुंचे। इनमें प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, कमलेश्वर पटेल, अरुण यादव और आरिफ मसूद सहित कई कार्यकर्ता शामिल थे।कार्यालय बंद होने के कारण वहां कोई अधिकारी मौजूद नहीं था। इसके बाद कांग्रेस नेता कार्यालय परिसर में ही फर्श पर बैठकर विरोध जताने लगे। लगभग आधे घंटे बाद डिप्टी सीईओ वहां पहुंचे और उन्होंने नेताओं को बुधवार को मुलाकात का समय दिया।

दिल्ली में भी चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन

दिल्ली में भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान जयराम रमेश, के.सी. वेणुगोपाल, सचिन पायलट और भूपेश बघेल सहित कई नेता मौजूद रहे।जब नेताओं को कार्यालय के अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली, तो उन्होंने मुख्य गेट के बाहर धरना शुरू कर दिया। बाद में पुलिस भी मौके पर पहुंची और नेताओं से बातचीत की।

कांग्रेस ने लगाया राजनीतिक दबाव का आरोप

कांग्रेस का कहना है कि चुनाव आयोग भाजपा के दबाव में काम कर रहा है। पार्टी के अनुसार, मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द करना पूरी तरह गलत है और इसके पीछे राजनीतिक साजिश है।कांग्रेस ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह इस मामले को सुप्रीम कोर्ट तक ले जाएगी। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि जिस मामले का हवाला देकर नामांकन रद्द किया गया है, वह कोई आपराधिक मामला नहीं है। उनका यह भी कहना है कि संबंधित मामले में अदालत ने अभी तक औपचारिक रूप से संज्ञान भी नहीं लिया है।पार्टी का मानना है कि ऐसे मामले के आधार पर किसी उम्मीदवार का नामांकन रद्द करना उचित नहीं है और यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ है।

ये भी पढ़ें…पीएम मोदी ने रचा इतिहास: नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ा, लगातार 4,399 दिनों तक रहे निर्वाचित प्रधानमंत्री