Home » Breaking News » होर्मुज के पास जहाज हादसे में 3 भारतीय नाविकों की मौत, जानिए कैसे हुआ हादसा

होर्मुज के पास जहाज हादसे में 3 भारतीय नाविकों की मौत, जानिए कैसे हुआ हादसा

Hormuz Jahaz Hadsa: होर्मुज जलडमरूमध्य के निकट हुए एमटी सेट्टेबेलो तेल टैंकर हादसे में लापता तीन भारतीय नाविकों की मौत की पुष्टि हो गई है। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल (Sarbananda Sonowal) ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि तीनों नाविकों के शव बरामद कर उनकी पहचान कर ली गई है।

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर केंद्रीय मंत्री ने लिखा कि पलाऊ ध्वज वाले एमटी सेट्टेबेलो जहाज पर हुई घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सुरक्षित बचाए गए भारतीय नाविकों को जल्द से जल्द भारत वापस लाया जाए तथा मृत नाविकों के पार्थिव शरीर भी उनके परिवारों तक शीघ्र पहुंचाए जाएं।

24 में से 21 नाविकों को बचाया गया

मंगलवार को हुए इस हादसे के समय जहाज पर कुल 24 नाविक सवार थे। बचाव अभियान के दौरान 21 नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया था, जबकि तीन भारतीय नाविक लापता बताए गए थे। बाद में उनके शव बरामद होने के बाद मौत की पुष्टि हुई।

Hormuz Jahaz Hadsa: भारत ने दर्ज कराया विरोध

घटना के बाद भारत सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास के उप प्रमुख जेसन मीक्स (Jason Meeks) को तलब किया और अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।

अमेरिकी सेना का दावा और विवाद

अमेरिकी सेना की यूनाइटेड स्टेट्स सेंट्रल कमांड (United States Central Command) (सेंटकॉम) ने दावा किया था कि ओमान की खाड़ी से गुजर रहे जहाज पर कार्रवाई की गई थी, क्योंकि वह कथित तौर पर ईरानी तेल ले जा रहा था और चालक दल ने निर्देशों का पालन नहीं किया था। हालांकि दूसरी ओर यह जानकारी भी सामने आई कि एमटी सेट्टेबेलो एक रासायनिक एवं तेल उत्पाद टैंकर था, जिसने ओमान के सोहार बंदरगाह के निकट इंजन रूम में आग लगने की सूचना देते हुए आपात सहायता मांगी थी।

Hormuz Jahaz Hadsa: ओमान नौसेना ने चलाया बचाव अभियान

आपात संदेश मिलने के बाद ओमान की रॉयल नेवी (Royal Navy of Oman) ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और अधिकांश नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया। घटना के बाद भारत सरकार लगातार संबंधित एजेंसियों और विदेशी अधिकारियों के संपर्क में है ताकि मृतक नाविकों के परिवारों को सहायता उपलब्ध कराई जा सके और सभी प्रभावित भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके।

.ये भी पढ़े… ग्लोबल फाइनेंशियल हब्स की दौड़ में भारत का भौकाल, मुंबई-Delhi NCR-बेंगलुरु टॉप 30 में शामिल