Rajasthan Road Accident: राजस्थान के दौसा जिले में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया । आगरा बाईपास पर अलीगढ़ से जयपुर जा रही उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस एक ट्रेलर ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस में सवार करीब 20 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Rajasthan Road Accident:कितने बजे हुआ यह हादसा-
अधिकारियों के अनुसार, यूपी रोडवेज की बस अलीगढ़ से जयपुर की ओर जा रही थी। यह दुर्घटना सुबह करीब 4:30 बजे आगरा बाईपास स्थित तिवारी कट के पास हुई। उस समय अधिकांश यात्री नींद में थे, जिससे अचानक हुई टक्कर के कारण कई लोग घायल हो गए।
Rajasthan Road Accident:टक्कर से बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त-
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस आगे चल रहे ट्रेलर ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कई यात्री अपनी सीटों से उछलकर घायल हो गए।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया राहत अभियान-
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस के जरिए दौसा जिला अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस ने क्या कहा-
हेड कॉन्स्टेबल अनिल कुमार ने बताया कि अलीगढ़ से जयपुर जा रही यूपी रोडवेज बस तिवारी कट के पास एक ट्रेलर ट्रक से टकरा गई। हादसे में करीब 20 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 5 से 6 महिलाएं भी शामिल हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
सभी घायलों की हालत स्थिर-
जिला अस्पताल में नाइट ड्यूटी पर तैनात सीएमओ डॉ. आशीष ने बताया कि दुर्घटना में घायल 20 यात्रियों को अस्पताल लाया गया है। सभी की हालत स्थिर है और उन्हें मामूली चोटें आई हैं। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है।
हादसे के कारणों की जांच जारी-
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बस चालक आगे चल रहे ट्रक की दूरी का सही अनुमान नहीं लगा पाया या फिर बस की रफ्तार अधिक थी। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- Bihar Protest: पाटलिपुत्र स्टेशन पर छात्रों का उग्र प्रदर्शन, असामाजिक तत्वों ने करी पत्थरबाजी-








