Home » उत्तर प्रदेश » चढ़ावे के बंटवारे को लेकर मंदिर में बवाल, बुजुर्ग पुजारी पर बरसीं लाठियां

चढ़ावे के बंटवारे को लेकर मंदिर में बवाल, बुजुर्ग पुजारी पर बरसीं लाठियां

Deoria Violence: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के प्रसिद्ध बाबा महेंद्रनाथ शिव मंदिर से मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मंदिर परिसर के अंदर कुछ लोग एक बुजुर्ग पुजारी पर लाठियों से हमला करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि विवाद मंदिर में चढ़ावे और दानपेटी की राशि के बंटवारे को लेकर हुआ था।

चढ़ावे के हिस्से को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, यह घटना देवरिया के मदनपुर थाना क्षेत्र स्थित बाबा महेंद्रनाथ शिव मंदिर की है। शनिवार को मंदिर में पूजा-पाठ और श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए चढ़ावे के बंटवारे को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया।

Deoria Violence: बुजुर्ग पुजारी पर लाठी-डंडों से हमला

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि मंदिर परिसर में मौजूद कुछ लोग एक बुजुर्ग पुजारी के साथ मारपीट कर रहे हैं। वीडियो में पहले एक व्यक्ति लाठी लेकर हमला करता दिखाई देता है, जिसके बाद दो अन्य लोग भी वहां पहुंच जाते हैं। तीनों मिलकर बुजुर्ग पुजारी पर लगातार लाठियां बरसाने लगते हैं। हमले के दौरान बुजुर्ग पुजारी खुद को बचाने की कोशिश करते नजर आते हैं और हाथ जोड़कर छोड़ देने की गुहार लगाते हैं, लेकिन हमलावर उन पर वार करते रहते हैं।

Deoria Violence: श्रद्धालुओं ने कराया बीच-बचाव

मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने स्थिति को बिगड़ता देख तुरंत हस्तक्षेप किया। लोगों ने दोनों पक्षों को अलग कर मामला शांत कराया। घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मदनपुर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

6 आरोपी गिरफ्तार

Deoria Violence: क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर सत्येंद्र राय ने बताया कि मंदिर में पूजा-पाठ कराने और चढ़ावे को लेकर पुजारियों के बीच विवाद हुआ था, जो बाद में मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है।

 

 

यह भी पढ़े: भारत का चांद मिशन अब और भी मजबूत: ISRO और परमाणु ऊर्जा विभाग की हाई-टेक साझेदारी