Ram Mandir: श्री राम जन्मभूमि से जुड़े कथित दान विवाद की जांच को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। इस टीम में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल किए गए हैं। मामले में सात करोड़ रुपये के दान से जुड़े आरोपों की जांच अब एसआईटी करेगी। इस फैसले का संत समाज ने स्वागत किया है, वहीं प्रदेश सरकार के मंत्री ओपी राजभर ने इस मुद्दे पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
महंत लोकेश दास ने जांच को बताया स्वागत योग्य कदम
ऋषिकेश स्थित जगन्नाथ आश्रम के महंत लोकेश दास ने कहा कि श्री राम जन्मभूमि मामले में सात करोड़ रुपये के दान से जुड़े आरोप गंभीर हैं और ऐसे मामलों में सच्चाई सामने आना बेहद जरूरी है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा एसआईटी जांच के आदेश का स्वागत करते हुए कहा कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उनके अनुसार हाल के दिनों में जिस प्रकार के आरोप सामने आए हैं, उनसे भ्रम की स्थिति बनी है, जिसे जांच के माध्यम से स्पष्ट किया जाना चाहिए।
Ram Mandir: विपक्ष पर लगाया अनावश्यक राजनीति का आरोप
महंत लोकेश दास ने विपक्षी दलों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष बिना तथ्यों को समझे केवल शोर मचाने का काम कर रहा है। उनका कहना है कि इससे पहले भी कई मामलों में एसआईटी जांच के बाद सच्चाई सामने आई है और इस बार भी जांच निष्पक्ष रूप से होगी। उन्होंने लोगों से जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखने की अपील की।
ओपी राजभर ने अखिलेश और राहुल गांधी को घेरा
प्रदेश सरकार के मंत्री ओपी राजभर ने एसआईटी गठन पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के बाद भी अखिलेश यादव मंदिर नहीं गए और लगातार इसका विरोध करते रहे हैं। राजभर ने आरोप लगाया कि विपक्ष का उद्देश्य केवल विरोध करना है। इसके साथ ही उन्होंने राहुल गांधी पर भी हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक देश पर शासन किया, लेकिन अब दलितों और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
ये भी पढ़ें…बंगाल में बड़ा भूचाल, भाजपा प्रभारी के घर पहुंचे TMC के बागी सांसद








