Vrindavan News: मथुरा के वृंदावन में दर्शन करने आए 21 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। यह हादसा सोमवार दोपहर इस्कॉन मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर हुआ। गर्मी और हीट वेव से श्रद्धालुओं को राहत देने के लिए नगर निगम की ओर से वहां एक वाटर स्प्रे कूलर लगाया गया था। बताया जा रहा है कि उसी कूलर में करंट आने से युवक उसकी चपेट में आ गया।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
घटना होते ही मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस युवक को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी अभिज्ञान गुप्ता के रूप में हुई है।
बेटे की मौत के बाद अस्पताल में बेहद भावुक दृश्य देखने को मिला। पिता अनिल गुप्ता डॉक्टरों की बात मानने को तैयार नहीं थे। वह कभी बेटे की छाती दबाने लगते तो कभी उसके चेहरे पर हाथ फेरते हुए कहते, “भैया उठ जाओ… पापा बुला रहे हैं। बेटा प्लीज उठ जाओ… मेरे लिए उठ जाओ…”
अस्पताल का स्टाफ लगातार उन्हें समझाता रहा कि अब कुछ नहीं किया जा सकता, लेकिन पिता बार-बार यही कहते रहे कि उनका बेटा जरूर उठेगा। वहां मौजूद लोगों की आंखें भी यह मंजर देखकर भर आईं।

Vrindavan News: पिता के साथ दर्शन करने आया था बेटा
मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी अनिल गुप्ता अपने बेटे अभिज्ञान गुप्ता के साथ वृंदावन दर्शन के लिए आए थे। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे दोनों इस्कॉन मंदिर पहुंचे।मंदिर के मुख्य द्वार के पास लगाए गए वाटर स्प्रे कूलर के नीचे अभिज्ञान अपनी चप्पल उतार रहा था। इसी दौरान कूलर में करंट आ गया और वह उससे चिपक गया।
जब अनिल गुप्ता ने अपने बेटे को करंट की चपेट में देखा तो वह तुरंत उसे बचाने के लिए दौड़े। इस दौरान उन्हें भी बिजली का झटका लगा।मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह पिता और बेटे को कूलर से अलग किया और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
सूचना मिलते ही रमण रेती पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी घायल पिता और पुत्र को लेकर तत्काल जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे।अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों की जांच की। जांच के बाद अभिज्ञान गुप्ता को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि अनिल गुप्ता को प्राथमिक उपचार दिया गया। उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई।
पिता ने लापरवाही का लगाया आरोप
बेटे की मौत की खबर सुनते ही पिता पूरी तरह टूट गए। उनका आरोप है कि जिम्मेदार लोगों की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने कहा कि वह अपने बेटे के साथ दर्शन करने आए थे, लेकिन अब उनका बेटा हमेशा के लिए उनसे छिन गया।
पिता द्वारा इस्कॉन मंदिर प्रबंधन पर लगाए गए आरोपों के बाद इस्कॉन वृंदावन के प्रवक्ता रवि लोचन दास ने बयान जारी किया।उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना मंदिर के मुख्य द्वार के बाहर नगर निगम द्वारा लगाए गए वाटर स्प्रे कूलर में करंट आने की वजह से हुई है। हादसा बेहद दुखद है, लेकिन इसमें इस्कॉन वृंदावन की कोई जिम्मेदारी नहीं है। श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत देने के उद्देश्य से नगर निगम ने यह कूलर लगवाया था।

नगर निगम ने नहीं दिया जवाब
मामले को लेकर जब वृंदावन जोन के प्रभारी अपर नगर आयुक्त सीपी पाठक से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।इसके बाद नगर निगम के मीडिया प्रभारी और सहायक आयुक्त राकेश त्यागी से जानकारी मांगी गई। उन्होंने कहा कि वह मामले की जानकारी जुटाकर इसकी जांच करवाएंगे।
ये भी पढ़े… नौहझील में भव्य कलश यात्रा: झाड़ी वाले हनुमान मंदिर के 35वें वार्षिकोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब.








