Home » राष्ट्रीय » देश में ईंधन आपूर्ति सामान्य, तीन दिनों में एक करोड़ सैंतालीस लाख गैस सिलेंडर वितरित

देश में ईंधन आपूर्ति सामान्य, तीन दिनों में एक करोड़ सैंतालीस लाख गैस सिलेंडर वितरित

LPG Supply

LPG Supply: मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं पर पड़ रहे प्रभाव के बीच केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार पिछले तीन दिनों के दौरान एक करोड़ सैंतालीस लाख रसोई गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की गई, जबकि इसी अवधि में एक करोड़ छत्तीस लाख सिलेंडरों की बुकिंग दर्ज की गई।

रसोई गैस की उपलब्धता पर्याप्त

मंत्रालय ने बताया कि देश के किसी भी गैस वितरक के यहां गैस समाप्त होने की सूचना नहीं मिली है। उपभोक्ताओं की सुविधा और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए लगभग सभी गैस बुकिंग अब डिजिटल माध्यमों से की जा रही हैं। वहीं गैस सिलेंडर वितरण के दौरान सत्यापन प्रणाली का भी व्यापक उपयोग किया जा रहा है, जिससे अनियमितताओं पर नियंत्रण रखने में मदद मिल रही है।

LPG Supply: घरेलू गैस नेटवर्क का लगातार विस्तार

मार्च माह से अब तक दस लाख से अधिक घरेलू पाइप गैस कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं। इसके अलावा लाखों नए कनेक्शन देने के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना भी तैयार की गई है। सरकार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से अपील कर रही है कि जहां पाइप गैस नेटवर्क उपलब्ध है, वहां अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को इस सुविधा को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।

पेट्रोल और डीजल का भी पर्याप्त भंडार

मंत्रालय के अनुसार देशभर के सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है। सभी तेल शोधन संयंत्र पर्याप्त कच्चे तेल के साथ पूरी क्षमता से कार्य कर रहे हैं। घरेलू मांग को पूरा करने के लिए रसोई गैस के स्थानीय उत्पादन में भी वृद्धि की गई है, जिससे किसी प्रकार की कमी की आशंका नहीं है।

LPG Supply: जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त निगरानी

सरकारी तेल कंपनियां पेट्रोलियम उत्पादों की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार निरीक्षण अभियान चला रही हैं। पिछले कुछ दिनों में नियमों का उल्लंघन करने वाले कई गैस वितरकों और पेट्रोल पंपों पर जुर्माना लगाया गया है। सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, घबराहट में खरीदारी से बचें और सही जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।

ये भी पढ़ें…Viral Video: फोन ने छीन ली सुकून भरी जिंदगी… ग्रामीणों ने ईंटों से तोड़े स्मार्टफोन