Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » भाई दूज पर मथुरा में उमड़ती है लाखों की भीड़, यम द्वितीया मेले को मिले राजकीय दर्जा, CM योगी से हेमा मालिनी

भाई दूज पर मथुरा में उमड़ती है लाखों की भीड़, यम द्वितीया मेले को मिले राजकीय दर्जा, CM योगी से हेमा मालिनी

Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा में भाई दूज के अवसर पर आयोजित होने वाले ऐतिहासिक यम द्वितीया मेले को राजकीय मेले का दर्जा दिलाने की मांग तेज हो गई है। मथुरा की सांसद हेमा मालिनी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर 11 नवंबर को होने वाले यम द्वितीया पर्व से पहले मेले को राजकीय घोषित करने का अनुरोध किया है। इस आयोजन में हर साल देश के अलग-अलग राज्यों और विदेशों से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। बड़ी संख्या में भाई-बहन यमुना के घाटों पर एक साथ स्नान करते हैं।

हेमा मालिनी ने 5 नवंबर को CM योगी को लिखा पत्

सांसद हेमा मालिनी ने 5 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजा। इसमें उन्होंने यम द्वितीया पर्व की धार्मिक, आध्यात्मिक और पौराणिक महत्ता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मथुरा में भाई दूज को यम द्वितीया के रूप में मनाने की सदियों पुरानी परंपरा है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु विश्राम घाट पहुंचकर यमुना में स्नान करते हैं। सांसद ने मुख्यमंत्री से इस ऐतिहासिक आयोजन को सरकारी स्तर पर विशेष पहचान देने की मांग की है।

Mathura News: भाई-बहन के एक साथ स्नान की है मान्यता

यम द्वितीया को लेकर पौराणिक मान्यता है कि इस दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे थे। यमुना ने उनका स्वागत और सत्कार किया था। इसी परंपरा के तहत भाई दूज पर भाई-बहन एक साथ यमुना स्नान करते हैं। धार्मिक विश्वास है कि इस दिन भाई-बहन के एक साथ यमुना में स्नान करने से यमराज के दंड और यमपाश से मुक्ति मिलती है। इसी मान्यता के कारण मथुरा के विश्राम घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है।

नगर निगम भी भेज चुका है प्रस्ताव

हेमा मालिनी ने अपने पत्र में बताया कि यम द्वितीया मेले को राजकीय दर्जा दिलाने के लिए नगर निगम मथुरा-वृंदावन की ओर से भी पहल की जा चुकी है। नगर निगम ने 22 मई को नगर विकास विभाग को पत्र भेजकर इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया था। इसके बावजूद अभी तक मेले को राजकीय दर्जा मिलने का अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। सांसद ने इस मांग को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री से जल्द फैसला लेने की अपील की है।

Mathura News: समाजसेवी की मांग का भी किया समर्थन

सांसद ने अपने पत्र में समाजसेवी पंडित गोपाल चतुर्वेदी ‘राधाकांत’ की ओर से उठाई गई मांग का भी उल्लेख किया है। वह लंबे समय से यम द्वितीया मेले को राजकीय दर्जा दिलाने के लिए प्रयास कर रहे हैं। हेमा मालिनी ने उनकी मांग का समर्थन करते हुए इसे ब्रज की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया है।

11 नवंबर से पहले फैसले की मांग

इस साल यम द्वितीया का पर्व 11 नवंबर को मनाया जाएगा। ऐसे में हेमा मालिनी ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि पर्व से पहले ही मेले को राजकीय घोषित किया जाए। राजकीय दर्जा मिलने पर आयोजन के लिए सरकारी स्तर पर व्यवस्थाओं और संसाधनों को बेहतर बनाने का रास्ता खुल सकता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, सफाई, पेयजल और घाटों पर सुविधाओं को व्यवस्थित करने में मदद मिल सकती है। फिलहाल ब्रजवासियों की नजर प्रदेश सरकार के फैसले पर है।

ये भी पढ़ें…पहले चंद्रशेखर आजाद की महारैली, फिर मायावती का शक्ति प्रदर्शन; लखनऊ में सियासी मुकाबला