Delhi NCR: धनतेरस की शाम दिल्ली-NCR में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। दिवाली से पहले खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ी भीड़ और दफ्तरों से घर लौट रहे लोगों के कारण दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम की कई प्रमुख सड़कों पर लंबा जाम लग गया। हालात ऐसे रहे कि लोगों को कई किलोमीटर तक रेंगकर सफर करना पड़ा। वहीं, कैब और बाइक टैक्सी बुक करना भी मुश्किल हो गया। नोएडा से लेकर दिल्ली और गुरुग्राम तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, फिल्म सिटी, DND फ्लाईवे, धौलाकुआं और ITO समेत कई इलाकों में ट्रैफिक की रफ्तार बेहद धीमी रही।
Delhi NCR: कैब और बाइक टैक्सी के लिए भी करना पड़ा इंतजार, किराया दोगुने से ज्यादा
दिल्ली-NCR में जाम का असर सिर्फ सड़कों पर ही नहीं, बल्कि कैब और बाइक टैक्सी सेवाओं पर भी देखने को मिला। लोगों को Ola, Uber और Rapido जैसे ऐप पर राइड बुक करने में परेशानी हुई। कई यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करने के बावजूद ड्राइवर नहीं मिले। नोएडा के सेक्टर-129 से बॉटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन जाने वाले प्रियंक द्विवेदी ने बताया कि वह करीब आधे घंटे से बाइक टैक्सी बुक करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन Ola, Uber और Rapido पर कोई राइड उपलब्ध नहीं हुई। ऑटो और कैब मिलने में भी परेशानी हुई। वहीं, स्थानीय ऑटो चालक मनमाना किराया मांग रहे थे। प्रियंक के मुताबिक, आम दिनों में Rapido से इस सफर का किराया करीब 100 रुपये लगता था, लेकिन धनतेरस के दिन करीब 10 किलोमीटर की दूरी के लिए ऐप पर 239 रुपये किराया दिखाया जा रहा था। वहीं, Ola, Uber और Rapido पर टैक्सी बुक करने की कोशिश करने पर भी करीब 20 मिनट तक कोई ड्राइवर राइड स्वीकार करने नहीं पहुंचा। Rapido पर सामान्य दिनों के मुकाबले ज्यादा किराया देखने को मिला।
Delhi NCR: दिल्ली-NCR के इन इलाकों में लगा लंबा जाम
धनतेरस की शाम दिल्ली-NCR के कई प्रमुख ट्रैफिक हॉटस्पॉट पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। इनमें नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दिल्ली और गाजियाबाद के कई इलाके शामिल रहे।
1. नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से फिल्म सिटी तक जाम
नोएडा में नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से लेकर फिल्म सिटी तक भारी ट्रैफिक देखने को मिला। बॉटेनिकल गार्डन, महामाया फ्लाईओवर और राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल के आसपास भी वाहनों की रफ्तार धीमी रही। आगे DND और चिल्ला बॉर्डर तक भी जाम का असर देखने को मिला।
2. DND फ्लाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें
दिल्ली को नोएडा से जोड़ने वाले DND फ्लाईवे पर भी भीषण ट्रैफिक जाम लगा रहा। यहां बड़ी संख्या में वाहन फंसे रहे और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लगा।
3. धौलाकुआं पर जाम, गुरुग्राम-दिल्ली के यात्री परेशान
गुरुग्राम से दिल्ली आने-जाने वाले लोगों को भी ट्रैफिक की समस्या का सामना करना पड़ा। धौलाकुआं और आसपास के इलाकों में भारी जाम देखने को मिला। इससे दोनों तरफ जाने वाले वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई।
4. ITO से आनंद विहार तक सड़कें रहीं चोक
दिल्ली के व्यस्त इलाकों में शामिल ITO से आनंद विहार तक कई जगहों पर लंबा जाम लगा रहा। लक्ष्मी नगर, निर्माण विहार और प्रीत विहार जैसे इलाकों में भी वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
5. गाजीपुर से आनंद विहार और गाजियाबाद बॉर्डर तक जाम
गाजीपुर बॉर्डर से मयूर विहार और आनंद विहार की ओर जाने वाले रास्तों पर भी ट्रैफिक का दबाव रहा। नोएडा से आनंद विहार की ओर जाने वाले यात्रियों को भी जाम में फंसना पड़ा।
6. ग्रेटर नोएडा के परी चौक और जीरो पॉइंट पर ट्रैफिक धीमा
ग्रेटर नोएडा में सेक्टर-146, परी चौक और यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर भी वाहनों की रफ्तार धीमी रही। धनतेरस की खरीदारी और बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण लोगों को परेशानी हुई।
7. नोएडा सेक्टर-62 से गाजियाबाद बॉर्डर तक जाम
नोएडा के सेक्टर-62 से गाजियाबाद बॉर्डर और NH-24 की ओर जाने वाले मार्ग पर भी भारी ट्रैफिक देखने को मिला। इस रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालकों को जाम के कारण देरी का सामना करना पड़ा।
धनतेरस की खरीदारी ने बढ़ाया ट्रैफिक का दबाव
दिवाली से ठीक पहले धनतेरस के मौके पर बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग घरों से निकले। शाम के समय दफ्तरों से लौटने वाले लोगों और बाजारों की भीड़ के एक साथ सड़कों पर आने से दिल्ली-NCR की ट्रैफिक व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया। इसका असर प्रमुख एक्सप्रेसवे, फ्लाईवे और मेट्रो स्टेशनों को जोड़ने वाले रास्तों पर भी दिखाई दिया।
यह भी पढ़े- चुनाव आयोग से सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा ‘वोट चोरी’ विवाद, दिग्विजय सिंह की याचिका में क्या है?








