Home » मध्य प्रदेश » NEET-UG 2026: भोपाल में हाई अलर्ट, 32 केंद्रों पर होगी परीक्षा, छात्रों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम

NEET-UG 2026: भोपाल में हाई अलर्ट, 32 केंद्रों पर होगी परीक्षा, छात्रों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम

NEET-UG 2026: भोपाल के 32 केंद्रों पर परीक्षा

NEET UG Exam 2026: नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET-UG) 21 जून को आयोजित किया जाएगा। परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। प्रदेश के सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरे और जैमर लगाए जा रहे हैं, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए हर केंद्र के बाहर बड़ी घड़ी लगाई जाएगी। साथ ही किसी छात्र की तबीयत खराब होने की स्थिति में तुरंत इलाज उपलब्ध कराने के लिए डॉक्टरों की भी तैनाती की जाएगी।

कलेक्टर ने की केंद्र प्रभारियों से चर्चा

भोपाल में इस बार 13,774 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और रेलवे विभाग मिलकर काम कर रहे हैं। गुरुवार को कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने 32 केंद्र प्रभारियों के साथ वन-टू-वन बैठक की। बैठक में बताया गया कि कई बार दो या तीन परीक्षा केंद्रों के नाम मिलते-जुलते होने के कारण परीक्षार्थियों को भ्रम की स्थिति का सामना करना पड़ता है। इसलिए सभी केंद्रों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने केंद्र का नाम और स्थान स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें।

NEET UG Exam 2026: ट्रैफिक और मार्गदर्शन पर फोकस

हमीदिया रोड स्थित परीक्षा केंद्रों के आसपास सड़क किनारे वाहन खड़े होने से छात्रों को देरी हो सकती है। इसे देखते हुए पुलिस को ऐसे वाहनों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं पुराने शहर में मेट्रो निर्माण कार्य चलने के कारण कई जगह बैरिकेडिंग लगी हुई है, जिससे परीक्षा केंद्रों के नाम दिखाई नहीं देते। इस समस्या को दूर करने के लिए केंद्रों तक पहुंचने वाले रास्तों पर दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे।

भोपाल में 13,774, छिंदवाड़ा में 4,303, गुना में 1,839, विदिशा में 1,709, नर्मदापुरम में 1,283 और अशोकनगर में 865 परीक्षार्थियों के परीक्षा में शामिल होने की संभावना है।

NEET-UG 2026: भोपाल के 32 केंद्रों पर परीक्षा
NEET-UG 2026: भोपाल के 32 केंद्रों पर परीक्षा

भोपाल के 32 केंद्रों पर होगी परीक्षा

जिला प्रशासन के अनुसार भोपाल में कुल 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सेजिट में 960, आईआईआईटी और केंद्रीय विद्यालय नंबर-1 में 720-720, सुभाष एक्सीलेंस स्कूल और कमला नेहरू सांदीपनि गर्ल्स स्कूल में 600-600 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। हायर सेकेंडरी स्कूल आनंद नगर में 576, सरोजनी नायडू गर्ल्स पीजी कॉलेज में 528, हमीदिया आर्ट्स एवं कॉमर्स कॉलेज में 504 तथा यूआईटी बीयू, गीतांजलि पीजी कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय नंबर-2, केंद्रीय विद्यालय बैरागढ़ और हायर सेकेंडरी स्कूल बरखेड़ी जहांगीराबाद में 480-480 छात्रों के बैठने की व्यवस्था की गई है।

इसके अलावा केंद्रीय विद्यालय नंबर-3 में 432, एकलव्य मॉडल रेसिडेंशियल स्कूल में 408, नवीन हायर सेकेंडरी स्कूल चूना भट्टी, राजाभोज हायर सेकेंडरी स्कूल, सरोजनी नायडू गर्ल्स स्कूल, बालक हायर सेकेंडरी स्कूल बैरागढ़, गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल बैरागढ़, हमीदिया बालक हायर सेकेंडरी स्कूल, महात्मा गांधी सांदीपनि हायर सेकेंडरी स्कूल बरखेड़ा भेल और पीएम डेमोंस्ट्रेशन स्कूल में 360-360 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था रहेगी।

गवर्नमेंट गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल जहांगीराबाद में 336, बाबूलाल गौर कॉलेज भेल में 312, गवर्नमेंट नवीन गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल तुलसी नगर में 288, कस्तूरबा गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में 264, गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल लक्ष्मी मंडी अशोका गार्डन, हायर सेकेंडरी स्कूल विद्या नगर प्रोफेसर कॉलोनी और मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय में 240-240 तथा जवोदय आवासीय विद्यालय में 168 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। वहीं महारानी लक्ष्मीबाई गर्ल्स पीजी कॉलेज में 358 छात्र परीक्षा देंगे।

छात्रों के लिए स्पेशल ट्रेन

नीट परीक्षा को देखते हुए रेलवे ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए इंदौर, भोपाल और रतलाम के बीच एक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इससे इंदौर और मध्य प्रदेश के अन्य शहरों से भोपाल आने वाले छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आसानी होगी।गाड़ी संख्या 09354 इंदौर-भोपाल स्पेशल ट्रेन 20 जून को संचालित की जाएगी। यह ट्रेन इंदौर से सुबह 11:25 बजे रवाना होगी और फतेहाबाद, बड़नगर, रतलाम, नागदा, उज्जैन, मक्सी, शुजालपुर, सीहोर और बैरागढ़ होते हुए भोपाल पहुंचेगी।

वापसी में भोपाल-रतलाम स्पेशल

गाड़ी संख्या 09353 भोपाल-रतलाम स्पेशल ट्रेन 20 जून को शाम 7:40 बजे भोपाल से रवाना होगी। यह ट्रेन संत हिरदाराम नगर, सीहोर, शुजालपुर, मक्सी, उज्जैन और नागदा होते हुए रतलाम पहुंचेगी।

रेलवे के अनुसार इस स्पेशल ट्रेन में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 13 स्लीपर कोच, 2 सामान्य श्रेणी के कोच और 2 एसएलआर/डी कोच शामिल होंगे। सीनियर डीसीएम सौरभ कटारिया ने बताया कि नीट परीक्षा के दौरान संभावित अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए और परीक्षार्थियों की यात्रा को आसान बनाने के लिए यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है।