Mp news: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के बरागांव में एक 8 वर्षीय मासूम बच्ची की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले लोगों ने बच्ची पर चोरी का आरोप लगाते हुए उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
घर में अकेली थी बच्ची, लौटे माता-पिता तो मचा कोहराम
जानकारी के मुताबिक, बरागांव निवासी सलमान खान की 8 वर्षीय बेटी चाहत उर्फ अमीन खान घटना के समय घर में अकेली थी। उसके माता-पिता किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने उस पर चोरी का आरोप लगाया। आरोप है कि बच्ची के साथ इतनी बेरहमी से मारपीट की गई कि उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पड़ गए। घायल हालत में वह किसी तरह अपने घर पहुंची, लेकिन ज्यादा चोट लगने और सदमे के कारण उसकी मौत हो गई। जब माता-पिता वापस घर लौटे तो उन्होंने अपनी बेटी को बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ा देखा। मासूम के शरीर पर चोटों के निशान देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई।
Mp news: घटना के बाद फरार हुए आरोपी
परिजनों ने तुरंत मामले की सूचना पुरानी छावनी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी अपने घर पर ताला लगाकर फरार हो गए। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Mp news: ASP ने क्या कहा?
ग्वालियर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) सुमन गुर्जर ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पड़ोसियों पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि की जा रही है। आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस जांच जारी
Mp news: फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। वहीं, मासूम बच्ची की मौत से पूरे गांव में गम और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: कर्नाटक में कांग्रेस ने 7 में से 5 सीटें जीतीं, अब BJP में क्रॉस वोटिंग को लेकर मंथन








