Home » हरियाण » हरियाणा में रिटायर्ड इंजीनियर की घर में हत्या, खून से लथपथ मिला शव

हरियाणा में रिटायर्ड इंजीनियर की घर में हत्या, खून से लथपथ मिला शव

Yamunanagar News: हरियाणा के यमुनानगर जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। जठलाना गांव में अकेले रह रहे 85 वर्षीय रिटायर्ड सुपरिटेंडेंट इंजीनियर जगदीश बंसल की उनके घर में हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह जब घरेलू सहायिका घर पहुंची तो बुजुर्ग का शव खून से लथपथ हालत में मिला। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

घर में अकेले रहते थे जगदीश बंसल

जानकारी के अनुसार, जगदीश बंसल हिमाचल प्रदेश बिजली विभाग से सुपरिटेंडेंट इंजीनियर पद से रिटायर हुए थे। उनकी पत्नी का करीब नौ साल पहले निधन हो चुका था। उनका बेटा परिवार के साथ जीरकपुर में रहता है, लेकिन जगदीश बंसल अपने पैतृक गांव जठलाना में अकेले रहना पसंद करते थे। घर की देखभाल के लिए गांव की एक महिला घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी।

Yamunanagar News: घरेलू सहायिका ने देखा संदिग्ध हालात

घरेलू सहायिका रुखसाना रोज की तरह सुबह घर पहुंची तो बाहर का गेट खुला मिला, लेकिन अंदर का गेट बंद था। काफी देर तक आवाज लगाने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पड़ोसियों को बुलाया गया। एक युवक दीवार फांदकर घर के अंदर पहुंचा और गेट खोला। जब लोगों ने घर के अंदर जाकर देखा तो बुजुर्ग खून से लथपथ पड़े हुए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत डायल-112 पर सूचना दी गई।

Yamunanagar News: सिर पर वार कर हत्या की आशंका

सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल और सीआईए की टीमें मौके पर पहुंच गईं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बुजुर्ग के सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया था। पुलिस का मानना है कि इसी हमले के कारण उनकी मौत हुई।

लूटपाट के एंगल से भी जांच

पुलिस को घर के अंदर सामान बिखरा हुआ मिला है। कुछ सामान गायब होने की भी बात सामने आई है, जिसके चलते लूटपाट के इरादे से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

Yamunanagar News: पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल हत्या और लूटपाट दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही हत्या की वजह स्पष्ट हो सकेगी। इस दर्दनाक घटना के बाद जठलाना गांव में शोक और डर का माहौल है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

 

 

ये भी पढ़ें: कर्नाटक में कांग्रेस ने 7 में से 5 सीटें जीतीं, अब BJP में क्रॉस वोटिंग को लेकर मंथन